भाजपा बताए, किस नेता ने दिया आजादी की लड़ाई में योगदान
कांग्रेस प्रत्याशी आनंंद शर्मा ने नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करके लोगों से मांगा समर्थन
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- धर्मशाला
कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने कहा कि राष्ट्र निर्माताओं और शहीदों को कोसने वाले पीएम मोदी और भाजपा देश की जनता को बताएं कि आजादी की लड़ाई में उनका कौन सा नेता शामिल था। यह बात उन्होंने आज जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के दौरान अयोजित नुक्कड़ सभाओं में कही। इस अवसर पर उनके साथ हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक आरएस बाली भी मौजूद रहे। वर्ष 2024 का चुनाव एक तारीखी चुनाव है। इस बार दुनिया के सबसे बड़े चुनाव में सौ करोड़ लोग वोट डालेंगे जो यूरोप और अमरीका की आबादी से भी 20 करोड़ ज्यादा संख्या है। हिमाचल उनकी जन्मभूमि और कर्म भूमि रहा है और बाद में पूरा देश कर्म भूमि बना। हिमाचल के आशीर्वाद से ही वह आगे बढ़े। उन्होंने जीएस बाली को याद करते हुए कहा कि वे मुझे कई बार कहते रहे कि आपको कांगड़ा से चुनाव जरूर लड़वाना है, आज अचानक उनकी यह इच्छा पूरी हुई, मगर वे हमारे बीच नहीं है। आनंद शर्मा ने कहा कि नेतृत्व के आदेश का पालन करके वह आज कांगड़ा-चंबा की जनता के बीच हैं। प्रचार के दौरान जनता और कार्यकर्ताओं का जैसा प्यार मिल रहा है, उससे वह अभिभूत हैं।
इस दौरान युवाओं, महिलाओं और हर व्यक्ति की आंखों में खुशी और उम्मीद देखी है। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि वह अपने घर में अपने लोगों के बीच काम करने के लिए वापस आए हैं। आनंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई लड़ी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में संघर्ष हुआ कांग्रेस के नेताओं ने कुर्बानियां दीं, तब जाकर विश्व की सबसे शक्तिशाली अंग्रेजी हुकूमत को हराया और देश आजाद हुआ। कांग्रेस ने आजादी के बाद देश को संविधान दिया, जो सबको बराबरी का दर्जा देता है। बिना भेदभाव के सबको उसका अधिकार दिया गया। साथ ही सबको एक वोट का अधिकारी दिया गया, जाहे कोई अमीर हो गरीब हो ओर किसी भी जाति व संप्रदाय से हो उसे देश का भविष्य चुनने का अधिकार मिला है। उन्होंने कहा कि खासकर नौजवानों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि उनके मां बाप को उनके भविष्य की चिंता रहती है। लिहाजा ऐसी सरकार चुनें जो उनके भविष्य के बारे में सोचे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव संविधान को बचाने का चुनाव है। विपक्षी दल इतना बहुमत चाहते हैं कि संविधान को बदला जा सके। उन्होंने कहा कि अगर देश की जनता नहीं समझी तो यह चुनाव भारत देश का अखिरी चुनाव होगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App