Chunav : शाहबाद में भाजपा की विजय संकल्प रैली
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र सीट से नवीन जिंदल के समर्थन में मांगे वोट
निजी संवाददाता — शाहबाद
चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, भारतीय जनता पार्टी की हुंकार बढ़ती जा रही है। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी नवीन जिंदल के समर्थन में मंगलवार को कुरुक्षेत्र के शाहबाद में बीजेपी की विजय संकल्प रैली में कुछ ऐसा ही देखने को मिला। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भारी संख्या में जुटे लोगों का आह्वान किया कि वे नवीन जिंदल को पांच लाख के मार्जिन से विजयी बनाएं। इस अवसर पर उन्होंने गरजते हुए कहा कि हमें ऐसे लोगों से सचेत रहने की जरूरत है, जो वकालत तो करते हैं, नशा हटाने की, लेकिन जब देखो तब गली-गली शराब लेकर घूमते रहते हैं।
जो बात तो करते हैं न्याय की, लेकिन चुनावों में झूठ बोलकर सत्ता को पाने का खवाब देखते हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के तेवर आज कुछ अलग थे। उन्होंने कहा कि शाहबाद ने पिछली बार उन्हें रिकॉर्ड मतों से जिताया था और कांग्रेस के प्रत्याशी को मुंह की खानी पड़ी थी। यही वजह है कि कांग्रेस इस बार प्रत्याशी खड़ा करने की हिम्मत ही नहीं जुटा पाई। उसने गठबंधन का एक ऐसा उम्मीदवार खड़ा किया है, जो कांग्रेस से भी बड़ा भ्रष्टाचारी है। इनकी सत्ता लोलुपता देखिए, जो कांग्रेस को गाली देता था। कांग्रेस ने उसे ही गले लगा लिया।
कुरूक्षेत्र के लिए संकल्प पत्र जारी
भाजपा प्रत्याशी नवीन जिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल व मुख्यमंत्री नायब सैनी का आभार जताते हुए कहा कि वे सदा ही देश और प्रदेश की सेवा के लिए तत्पर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को उचित दिशा देने की ज़रूरत है, जिसके लिए वे कुरुक्षेत्र में दुनिया के 2 बेहतरीन कौशल केंद्र स्थापित करेंगे। इस अवसर पर उन्होंने कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के लिए संकल्प पत्र भी जारी किया। यह संकल्प पत्र मुख्यमंत्री के हाथों जारी करवाया गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App