सूर्य देव आसमान से बरसा रहे आग, ऊना में 44.2 डिग्री पारा

By: May 19th, 2024 10:02 pm

रविवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, ऊना में 44.2 डिग्री पारा

नगर संवाददाता — ऊना

जिला ऊना में रविवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। तापमान बढक़र 44.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पूरा दिन ऊना आग की भट्ठी की तरह तपता रहा। यहीं नहीं, अधिकतम तापमान के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी उछाल आया है। न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम व अधिकतम पारे में बढ़ौतरी होने के साथ ही लोगों का दिन व रात का चैन छीन गया है। रात व दिन लोग गर्मी से बेहाल हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों व बीमार लोगों को पेश आ रही है। गर्मी से बचने के लिए लोग गन्ने का रस, नींबू पानी सहित अन्य शीतल पेय पदार्थो का अधिक से अधिक सेवन कर रहे हैं। वहीं सुबह सात बजे ही लू के थपेड़े लोगों का बुरा हाल कर रहे हैं।

दिन के समय दोपहिया वाहन चलाना भी आसान नहीं रह गया है। वहीं दिन में लग रहे बिजली कट भी लोगों को परेशान कर रहे हैं। जिला मौसम अधिकारी विनोद शर्मा ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान भी बढक़र 22.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

जूस-फू्रटस की बिक्री में आई तेजी

झुलसा देने वाली गर्मी में लोग शीतल पेय पदार्थों का अधिक सेवन कर रहे हैं। जूस व फू्रट्स की दुकानों पर लोगों की चहल-पहल देखी जा सकती है। लोग जूस, निंबू, पानी, गन्ने का रस आदि पीकर आग को शांत कर रहे हैं। वहीं तरबूज, खरबूजा सहित अन्य फलों का भी सेवन कर रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App