Bye Election: जालंधर पश्चिम में भाजपा के शीतल अंगुराल के सामने आप के मोहिंदर भगत

मुकेश संगर—चंडीगढ़
जालंधर (पश्चिमी) विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने शीतल अंगुराल को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। जालंधर वेस्ट उपचुनाव की अधिसूचना 14 जून को जारी की गई थी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 जून है। नामांकन पत्रों की जांच 24 जून को होगी, जबकि नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 26 जून है।
10 जुलाई को मतदान होगा और 13 जुलाई को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा। विधायक शीतल अंगुराल पहले भाजपा में ही थे। 2019 में शीतल अंगुराल ने भाजपा-अकाली दल के उम्मीदवार चरणजीत सिंह अटवाल को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंकी थी। 2022 में शीतल भाजपा को अलविदा कहकर आप में आ गए। आप की तरफ से विधायक बन गए। इसके बाद लोकसभा चुनाव से कुछ पहले वे फिर भाजपा में शामिल हो गए और इस्तीफा दे दिया। हालांकि मतदान के बाद अंगुराल ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया था, लेकिन उससे पहले ही विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने इस्तीफा मंजूर कर लिया। विधानसभा सचिव की ओर से पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी को भी इस संदर्भ में नोटिफिकेशन की कॉपी भेजी गई थी जिसमें जालंधर पश्चिमी-34 नंबर सीट को 30 मई, 2024 से खाली दिखाया गया था।
जालंधर पश्चिम से आप ने मोहिंदर भगत को मैदान में उतारा
जालंधर पश्चिम विधानसभा उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी(आप) ने अपने उम्मीदवार की घोषणा की। पार्टी ने पूर्व मंत्री चुन्नी लाल भगत के बेटे मोहिंदर भगत को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। सोमवार को पार्टी ने अपने एक्स अकाउंट के जरिए इसकी औपचारिक घोषणा की। मोहिंदर भगत 2023 जालंधर लोकसभा उपचुनाव के समय भाजपा छोडक़र आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में वह भाजपा के टिकट पर जालंधर पश्चिम सीट से चुनाव लड़ें थे जिसमें उन्हें करीब 37000 वोट मिले थे। वह पंजाब भाजपा के एससी मोर्चा के 1997 से 1999 तक महासचिव रहे हैं। वह भाजपा पंजाब के राज्य उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह अकाली-भाजपा सरकार के दौरान 2007 से 2011 तक पंजाब मीडियम इंडस्ट्री बोर्ड के चेयरमैन रहे थे। इनके उम्मीदवार बनने से निश्चित तौर पर आम आदमी पार्टी को मजबूती मिलेगी। यह सीट आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक शीतल अंगुराल के पार्टी छोडऩे के कारण खाली हुई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App