CM भगवंत मान गुरुद्वारा सिंह शहीदां में नतमस्तक

By: Jun 11th, 2024 12:08 am

भगवंत सिंह मान ने राज्य की प्रगति-समृद्धि के लिए की अरदास

स्टाफ रिपोर्टर — मोहाली

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को गुरुद्वारा सिंह शहीदां में मत्था टेका और राज्य की प्रगति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महान सिख गुरुओं ने हमें अत्याचार, अन्याय और जुल्म का विरोध करना सिखाया है। उन्होंने कहा कि श्रीगुरु ग्रंथ साहिब जी ज्ञान और बुद्धिमत्ता का भंडार हैं जो संपूर्ण मानवता के लिए मार्गदर्शक प्रकाश हैं। भगवंत सिंह मान ने गुरबाणी के श्लोक ‘पवन गुरु, पानी पिता, माता धरत महत’ का हवाला देते हुए कहा कि महान गुरुओं ने वायु (पवन) को गुरु, जल (पानी) को पिता और भूमि (धरत) को माता के समान माना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता की सेवा के लिए महान गुरुओं के पदचिन्हों पर चल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पहली बार नहरी पानी का अधिकतम उपयोग कर भूजल बचाने की बड़ी योजना शुरू की है।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि लोकसभा चुनावों में अच्छा प्रदर्शन किया है, क्योंकि वोट शेयर 2019 में सात फीसदी से बढक़र वर्तमान चुनावों के दौरान 26 फीसदी से अधिक हो गया है। 2019 में एक सीट की तुलना में इस बार पार्टी को तीन सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस का वोट शेयर गिरा है और बीजेपी का सफाया हो गया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि पार्टी अपने कामकाज में कुछ कमियों का विश्लेषण करेगी और उन्हें दूर करेगी तथा सुधार करने का प्रयास करेगी। कहा कि चुनाव आचार संहिता बहुत लंबी होने के कारण राज्य का विकास खतरे में पड़ गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के लिए लंबित 91 करोड़ रुपए जारी कर दिए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App