पूर्व निर्दलीय विधायक भाजपा के गुलाम, तीनों सीटों पर जीत दर्ज करेगी कांग्रेस

By: Jun 20th, 2024 12:01 am

नालागढ़ पहुंचे सीएम सुक्खू का दावा, उपचुनाव की तीनों सीटों पर जीत दर्ज करेगी कांग्रेस

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नालागढ़

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि तीनों निर्दलीय पूर्व विधायक बिकने के बाद भाजपा के गुलाम हो चुके हैं। ईमान बेचने के बाद उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दिया। सीएम ने कहा कि यदि उन्होंने खुद को भाजपा की राजनीतिक मंडी में बेचा न होता, तो निर्दलीय विधायक अपने पद से इस्तीफा क्यों देते। उन्होंने पैसा लिया है, इसलिए भाजपा के सामने घुटने टेकने को मजबूर हैं। मुख्यमंत्री ने ये शब्द नालागढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी हरदीप सिंह बावा की नामांकन रैली को संबोधित करते हुए कहे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कांग्रेस प्रत्याशी हरदीप सिंह बावा का नामांकन पत्र दाखिल करवाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उपचुनावों में जयराम ठाकुर फिर आकर झूठ बोलेंगे कि भाजपा की सरकार बनने वाली है, लेकिन यह तय है कि प्रदेश में सरकार तो कांग्रेस की ही रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायकों की संख्या बढक़र 38 हो चुकी है और उपचुनाव में तीनों सीटें जीतकर 40 का आंकड़ा पार करेंगे। सीएम ने कहा कि भाजपा की झूठ व फरेब की सियासत अब चलने वाली नहीं है। हाल ही में हुए छह विधानसभा उपचुनावों में जनता ने चार सीटें कांग्रेस को देकर भाजपा को करारा जबाब दे दिया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस ने उपचुनाव में बिकने वालों को नहीं, बल्कि ईमानदार प्रत्याशियों को टिकट दिया है। उन्होंने नालागढ़ में इस बार मुकाबला धनवान और गुणवान के बीच है।

इसलिए हरदीप सिंह बाबा को जिताकर विधानसभा भेजें। बाबा जो भी काम लेकर आएंगे, उन्हें पूरा किया जाएगा। साढ़े तीन साल में हम नालागढ़ की सूरत बदल देंगे। उन्होंने कहा कि नालागढ़ के पूर्व विधायक केएल ठाकुर अपने क्रशर का स्टे लेने के लिए हाई कोर्ट की दौड़ लगा रहे हैं, लेकिन केएल ठाकुर ने जनता की समस्याओं का समाधान कराने के लिए कभी शिमला की दौड़ नहीं लगाई। वह अपने निजी काम लेकर ही आते थे। सीएम ने कहा कि बिकने के बाद पूर्व विधायक एक महीना अपने विधानसभा क्षेत्र में नहीं आए, अब वह किस मुंह से दोबारा वोट मांग रहे हैं, जनता ने उन्हें विधायक चुनकर भेजा था, लेकिन 14 महीने में उन्हें इस्तीफा देने की जरूरत क्यों पड़ी। इस दौरान भाजपा के अनेक पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थामा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने सभी भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को कांग्रेस पार्टी का पटका पहनाया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, सीपीएस राम कुमार चौधरी, कांग्रेस उम्मीदवार हरदीप सिंह बावा व जिलाध्यक्ष शिवकुमार इत्यादि मौजूद रहे।

हम चुनाव देखकर काम नहीं करते

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार चुनाव देखकर काम नहीं करती। हमने 1500 रुपए महिलाओं और कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन वोट के लिए नहीं दी। यह हमारी प्रतिबद्धता थी, जिसे हमने पूरा किया है। हम जो कहते हैं, वह करते हैं। हमारी सरकार ने 10 में से पांच गारंटियों को 16 महीने के कार्यकाल में पूरा किया है। सरकार सभी गारंटियों को पूरा कर 2027 तक हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाएगी।

जनभावनाओं का सौदा करने वाले सेवक नहीं

सीएम ने भाजपा के उम्मीदवार पर हमला बोलते हुए कहा कि केएल ठाकुर कभी जनता के सच्चे हितैषी नहीं हो सकते। जो व्यक्ति जनता की भावनाओं का ही सौदा कर दे, वह सच्चा सेवक नहीं हो सकता। सरकार ने निर्दलीय विधायकों के खूब काम किए, लेकिन उन्होंने खुद को बेच दियाद्ध। उनके इस्तीफा देने के बाद हमने सोचा कि तीन महीने में अक्ल आ जाएगी और स्पीकर साहब के पास जाकर उसे वापस ले लेंगे, पर वे धरने पर बैठे और हाई कोर्ट गए। क्योंकि भाजपा के साथ उनकी डील हुई थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App