हिमाचल में अराजकता की स्थिति, सरकार फेल, अपराधी बेक़ाबू : जयराम ठाकुर

By: Jun 20th, 2024 8:08 pm

नालागढ़ – हिमाचल प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने गुरुवार को कहा कि यह उपचुनाव मुख्यमंत्री की तानाशाही की वजह से हो रहा है। जो भी हालत बने हैं उसके ज़िम्मेदार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हैं। प्रदेश में अराजकता कि स्थिति, सरकार पूरी तरह से फेल हैं और अपराधी बेक़ाबू हो रहे हैं। श्री ठाकुर ने कहा कि जिस तरीक़े की बर्बरता उन्होंने विधायकों के साथ की उसकी वजह से के.एल. ठाकुर समेत अन्य विधायकों ने अपनी विधायकी से इस्तीफ़ा दे दिया। मुख्यमंत्री ज़बरदस्ती अपनी बात मनवाना चाहते हैं। जो वह चाहें निर्दलीय विधायक हो या उनकी पार्टी के विधायक। यह ज़बरदस्ती संभव नहीं है। लोकतंत्र में विधायक अपने लोगों के हितों के साथ रहेगा मुख्यमंत्री के निजी हितों के साथ नहीं। उन्होंने कहा कि कल ही पूरे प्रदेश ने देखा कि कांग्रेस के नेता ने आरोप लगाए कि उन्हें आठ घंटे बंधक बनाकर मुख्यमंत्री ने अपनी बातें मनवाने की कोशिश की। विपक्ष सरकार की इस तानाशाही के ख़िलाफ़ शुरू से ही आवाज़ उठा रहा है। नालागढ़ में विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी केएल ठाकुर के नामांकन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बातें कही।

उन्होंने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है जब मुख्यमंत्री की तानाशाही के ख़िलाफ़ सरकार से आवाज़ उठी हो। इसके पहले कैबिनेट के मंत्री रोते हुए इस्तीफ़ा देने की घटना को पूरे प्रदेश ने देखा। कैबिनेट की बैठक से एक मंत्री रोते हुए बाहर निकल रहे हैं और दूसरे मंत्री उन्हें मनाते हुए अंदर ले जा रहे हैं। विधायक से लेकर पार्टी के नेता और अध्यक्ष तक सरकार के काम काज और विकास न करने को लेकर उंगली उठा रहे हैं। सरकार ने प्रदेश के हर वर्ग को ठगने का काम किया है। सरकार को आज पूरे प्रदेश ने नकार दिया है। 68 में से 61 सीटें भारतीय जनता पार्टी जीत गई। मुख्यमंत्री अपने हल्के की सीट पर हार गये। इस बार के विधान सभा उपचुनाव में भाजपा सभी सीटें जीतेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने नालागढ़ के भाजपा प्रत्याशी केएल ठाकुर के लिए वोट मांगते हुए कहा कि नालागढ़ से आप सभी भाजपा को जिताते हैं तो बहुत जल्दी ही प्रदेश को इस तानाशाही से मुक्ति मिलेगी। प्रदेश में विकास के कामों पर ताला लगाने वाली, युवाओं, महिलाओं, किसानों, बाग़ानों से धोका करने वाली कांग्रेस सरकार भी नहीं रहेगी। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और विकास के काम फिर उसी रफ़्तार से चलेंगे। इस मौक़े पर उनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर, राजसभा सांसद डॉ सिकंदर कुमार, शिमला के सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व संसद वीरेंद्र कश्यप, पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी, लखविन्द्र राणा समेत स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता समेत भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App