नो एंट्री के बाद भी सडक़ों पर दौड़ रहे टिप्पर

By: Jun 22nd, 2024 12:11 am

लोगों ने टिप्पर रोककर किया चक्का जाम, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काटे चालान

कार्यालय संवाददाता- पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के देवीनगर में नो एंट्री के दौरान सुबह सात बजे के बाद आ रहे टिप्परों को देवीनगर के लोगों द्वारा रोक कर चक्का जाम कर दिया। देवीनगर के वासियों का कहना है कि नो एंट्री के बाद भी यहां हर दिन टिप्पर बेलगाम दौड़ते हैं, जिसके कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि यह टिप्पर एक साथ लाइन में आते हैं, जिसके कारण हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। हालांकि इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने चक्का जाम खुलवाकर सभी चार टिप्परों को थाने ले जाकर उनके नो एंट्री के 84 हजार रुपए के चालान काटे। देवीनगर के निवासी बब्बू सैणी, रघुनाथ सिंह, चंद्रभान, राहुल, सुरेंद्र सैणी, चंद्रमोहन, दीपक ठाकुर आदि लोगों ने बताया कि नो एंट्री के बावजूद दिन-रात यहां पर भारी-भरकम टिप्पर दौड़ते रहते हैं जिसके कारण बच्चों की जान को भी खतरा बना रहता है।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार की सुबह देवीनगर में टिप्पर भारी मात्रा में नो एंट्री में आना शुरू हो गए जिसके बाद देवीनगर के सभी लोग गुस्से में सडक़ों पर उतर आए और चक्का जाम कर दिया है। एसडीपीओ पांवटा ने मौके पर पुलिस टीम भेजी और जाम को खुलवाया। इस दौरान पुलिस ने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि भविष्य में नो एंट्री के समय टिप्पर नहीं दौड़ेंगे। बता दें कि देवीनगर से रामपुरघाट मार्ग पर सुबह छह बजे से लेकर रात के नौ बजे तक भारी वाहनों के लिए नो एंट्री की नोटिफिकेशन डीसी सिरमौर द्वारा जारी की गई है। बावजूद इसके देवीनगर में सुबह स्कूल टाइम में भी टिप्पर दौड़ते रहते हैं, जिसके बाद शुक्रवार को लोगों का संयम जबाद दे गया और उन्होंने चक्का जाम कर दिया। एसडीपीओ पांवटा आईपीएस अदिति सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बड़े वाहनों के लिए रात नौ बजे के बाद की एंट्री है जिसे देखते हुए गोबिंदघाट व बहराल नाके पर ही वाहनों को रोका जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा शुक्रवार को नो एंट्री में आए चार टिप्परों का चालान कर उनसे 84 हजार जुर्माना वसूला गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App