पिंजौर में एशिया की सबसे बड़ी आधुनिक सब्जी मंडी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंडी के प्रथम चरण का किया उद्घाटन, किसानों-कारोबारियों को मिलेगा लाभ
निजी संवाददाता- पिंजौर
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज जिला पंचकूला के पिंजौर में एशिया की सबसे बड़ी आधुनिक सेब, फल एवं सब्जी मंडी पिंजौर के प्रथम चरण का उद्घाटन किया और किसानों व व्यापारियों के कल्याण के लिए अनेक सौगात दी। मुख्यमंत्री ने आधुनिक सेब, फल एवं सब्जी मंडी पिंजौर में व्यापार को बढ़ाने के लिए इस मंडी में मार्केट फीस 1 प्रतिशत से घटाकर 0.5 प्रतिशत करने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री किसान एवं खेतीहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना 2013 के तहत प्रार्थी की आयु को वर्तमान 10 से 65 वर्ष से बढ़ाकर अब 10 से 75 वर्ष तक करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस योजना में किसान एवं खेतीहर मजदूर पर आसमानी बिजली गिरने से हुई दुर्घटना पर कोई राशि नहीं दी जाती थी। अब सरकार द्वारा आसमानी बिजली गिरने से होने वाली दुर्घटना को भी इस योजना में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल किसान मजदूर कैंटीन योजना के अंतर्गत प्रदेश के किसानों व मजदूरों को दस रुपए प्रति थाली की रियायती दर से वर्षभर भोजन उपलब्ध करवाने के लिए 100 ंमंडियों में कैंटीन खोलने का निर्णय लिया गया है। अब तक 48 मंडियों में कैंटीन शुरू की जा चुकी है। उन्होंने घोषणा की कि अन्य मंडियों में भी अटल किसान मजदूर कैंटीन जल्द खोली जाएगी। उन्होंने विवादों के समाधान नीति के संबंध में घोषणा करते हुए कहा कि मंडी प्रांगण में सभी प्लॉट धारकों से चक्रवृद्धि ब्याज की वसूली नहीं की जाएगी और सभी बकाया राशि की गणना केवल साधारण ब्याज से ही की जाएगी। इसके अतिरिक्त यह भी घोषणा की कि यदि किस्त का भुगतान देय तिथि के बाद 20 दिनों के अंदर किया जाता है तो कोई दंडात्मक ब्याज नहीं लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी फल एवं सब्जी पर एचआरडीएफ समाप्त करने और विवादों का समाधान योजना को 30 सितंबर 2024 तक बढ़ाने की घोषणा भी की।
विकास के लिए पांच करोड़ रुपए की घोषणा
सीएम ने हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड पंचकूला द्वारा जिला करनाल के गांव सग्गा में 8.99 करोड़ की लागत से बनने वाली नई अनाज मंडी के निर्माण कार्य व जिला कुरूक्षेत्र की बाबैन अनाज मंडी की विभिन्न मूलभूत सुविधाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए 6.69 करोड़ रुपए से विशेष मरम्मत के कार्य का शिलान्यास किया। वहीं, कालका क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए पांच करोड़ रुपए देने की घोषणा भी की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App