हिमाचल की झोली में पांच सिल्वर मेडल

By: Jul 10th, 2024 10:23 pm

खेलो इंडिया वुशू महिला लीग प्रतियोगिता के दौरान तालू-सांसू स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन

कार्यालय संवाददाता-मंडी

नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान पटियाला में चल रही नार्थ जोन खेलो इंडिया वुशू महिला लीग प्रतियोगिता में हिमाचल की टीम ने धमाकेदार शुरुआत की है। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के खिलाडिय़ों ने वुशू खेल के तालू और सांसू स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करके पांच रजत (सिल्वर मेडल) अर्जित किए हैं। इस जीत के साथ हिमाचल प्रदेश की टीम के हौसले बुलंद हैं। इस बाबत हिमाचल प्रदेश वुशू खेल संघ के महासचिव पीएन आजाद ने बताया कि नार्थ जोन खेलो इंडिया वुशू महिला लीग प्रतियोगिता के तालू स्पर्धा में गौरी शर्मा ने ताइजियॉन, अवनीजा वत्स ने क्वांशू, अवनी कपूर ने चनक्वॉन, तेजल ने जियानघू और जयश्री ने तनक्वान में पांच रजत पदक जीतने में कामयाबी हासिल की है, जबकि सांसू स्पर्धा में हिमाचल प्रदेश की दीया शर्मा ने 45 किलोग्राम भार की प्रतियोगिता में उत्तराखंड की सरूति शर्मा को पराजित करके दूसरे राउंड में प्रवेश कर लिया है।

इसी तरह 56 किलोग्राम भार से कम की प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के मिशाल ने पंजाब राज्य के जसप्रीत कौर को कड़ी टक्कर देकर पराजित किया और दूसरे राउंड में प्रवेश किया। दोनों खिलाडिय़ों से भी सांसू स्पर्धा में मेडल जीतने की उम्मीद जगी है। अखिल भारतीय वुशू खेल संघ के सीईओ सुहेल अहमद ने हिमाचल प्रदेश के खिलाडिय़ों का प्रदर्शन की सराहना की। हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ी अभी और मेडल जीत पर प्रदेश के लिए लाने वाले हैं। हिमाचल प्रदेश वुशू खेल संघ के प्रदेशाध्यक्ष शिवपाल मनहंस, संयुक्त सचिव खेम सिंह ने भी मेडल जीतने पर खिलाडिय़ों को बधाई दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App