हिमाचल ने केंद्र सरकार से मांगी भुभू-जोत सुरंग

By: Jul 17th, 2024 7:50 pm

-तीन किलोमीटर की सुरंग से कम होगा 55 किलोमीटर का सफर

-बैठक में मौजूद रहे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह

विशेष संवाददाता-शिमला

पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने केंद्र सरकार से भुभू जोत के लिए सुरंग की मंजूरी का आह्वान किया है। विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष अपनी बात रखी है। भुभू जोत सुरंग कांगड़ा, मंडी और कुल्लू में सबसे अहम कड़ी साबित होगी। इस सुरंग के निर्माण से कुल्लू से मंडी के जोगेंद्रनगर की दूरी करीब 55 किलोमीटर तक कम होने की संभावना है। इस सुरंग के निर्माण की प्रक्रिया कागजों में 2012 से चल रही है। तीन किलोमीटर लंबी इस सुरंग से बरोट, भंगाल और जोगेंद्रनगर होते हुए कांगड़ा तक पहुंचना आसान हो जाएगा। इसके अलावा सुरंग निर्माण से बरोट, भंगाल और कुल्लू में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इस सुरंग के बनने से मंडी-कुल्लू नेशनल हाईवे पर वाहनों का दबाव घटेगा। इसके साथ ही बारिश के नुकसान और भूस्खलन की संभावनाएं भी कम हो जाएंगी।

इस मौके पर हिमाचल में चल रहे सडक़ प्रोजेक्ट को लेकर दिल्ली में समीक्षा बैठक का भी आयोजन किया गया है। इस बैठक में सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के अलावा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने भी राज्य की मांगों के बारे में बहुमूल्य जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह कुल्लू, मनाली, कीतरपुर, नेरचौक, पिंजौर, शिमला और पठानकोट में सडक़ों की बहाली के लिए धन जारी करने के संबंध में नियमित रूप से उनके और अधिकारियों के साथ राज्य हित के मामलों पर चर्चा करते रहे हैं। हमीरपुर और अन्य राजमार्गों पर मानसून शुरू हो चुका है। उन्होंने मंत्रालय में लंबित मंजूरियों के बारे में भी चर्चा की। लोक निर्माण मंत्री ने भुभू जोत में सबसे महत्वपूर्ण सुरंग को मंजूरी देने का आह्वान किया है।
…राकेश शर्मा


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App