प्रियंका के भाषण में छलका हिमाचल का दर्द

By: Dec 13th, 2024 5:25 pm

चीफ रिपोर्टर- शिमला

कांगे्रस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को लोकसभा में अपने पहले भाषण के दौरान हिमाचल का भी जिक्र किया। उनके संबोधन में हिमाचल का भी दर्द छलका और उन्होंने हिमाचल के बागवानों की पीढ़ा भी वहां उठाई। प्रियंका गांधी वायॅनाड से सांसद बनी हैं और शुक्रवार को लोकसभा में बोल रही थीं। उनका शिमला के छराबड़ा में घर है लिहाजा यहां के मुद्दों से भी वो वाकिफ हैं। प्रियंका गांधी ने लोकसभा में हिमाचल सरकार के खिलाफ हुए ऑपरेशन लोट्स को लेकर वहां जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार राजनीतिक न्याय की बात करती है परंतु पैसे के दम पर सरकारों को गिराने का काम किया जा रहा है। उन्होंने महाराष्ट्र, हिमाचल और गोवा का उदाहरण सदन में दिया। उन्होंने कहा कि पैसों के दम पर भाजपा ने हिमाचल की कांग्रेस सरकार को तोडऩे की कोशिश की। पैसे के दम पर यह कुछ भी कर सकती है लिहाजा उसने अपनी ओर से पूरी कोशिश की। मगर हिमाचल की जनता जानती थी कि आखिर क्या हो रहा है। प्रियंका ने कहा कि हिमाचल की जनता ने भाजपा को इसपर मुंहतोड़ जवाब दिया है। लोगों ने सरकार का साथ दिया और आज दोबारा से हिमाचल प्रदेश में मजबूत सरकार है। उन्होंने कहा कि क्या संविधान उन राज्यों में लागू नहीं होता है जहां पर केन्द्र सरकार के साथ मिलकर भाजपा पैसों के दम पर सरकारें गिराने का काम कर रही है। उन्होंने हिमाचल का एक अन्य मुद्दे पर लोकसभा में जिक्र किया। उन्होंने अदाणी को घेरते हुए लोकसभा में कहा कि जितने भी कानून केन्द्र सरकार बना रही है वो केवल बड़े उद्योगपतियों के लिए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल को देखिए जहां पर छोटे-छोटे किसान व बागवान हैं और वहां के सभी कोल्ड स्टोर भाजपा ने अदाणी को दे दिए। क्योंकि एक व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के लिए केन्द्र सरकार काम कर रही है जिसने हिमाचल के लोगों को भी ठगा है। बागवानों को उनकी फसल का उचित पैसा नहीं दिया जाता उनके साथ ठगी हो रही है। प्रियंका गांधी छराबड़ा में रहती हैं और महीने दो महीने बाद यहां आती रहती हैं। विधानसभा चुनाव में भी प्रियंका गांधी ने हिमाचल का नेतृत्व किया है जिनके पास कमान थी और वो प्रदेश के कई इलाकों का दौरा कर चुकी हैं। वहां पर लोगों से मिल चुकी हैं और हिमाचल के मुद्दों से भली प्रकार वाकिफ हैं। ऐसे में उन्होंने केन्द्र सरकार पर वार करते हुए हिमाचल के उदाहरण लोकसभा में दिए हैं। कुछ महीने पहले हिमाचल में सुक्खू सरकार के लिए राजनीतिक परेशानी खड़ी हो गई थी क्योंकि हिमाचल में ऑपरेशन लोट्स चला था। उस दौरान राज्यसभा की सीट भाजपा ने हथिया ली और साथ ही कांग्रेस के 6 विधायक भी उससे छिटक गए। तब सरकार को गिराने का एक बड़ा मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर चल रहा था और उसी का जिक्र अपने भाषण में बातों-बातों में प्रियंका गांधी ने भी किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App