19 चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट करेंगे श्री नयनादेवी मंदिर का दीदार

By: Jan 26th, 2025 12:58 am

निजी संवाददाता-घुमारवीं
हिमाचल प्रदेश सरकार ने अनाथ बच्चों के समग्र विकास और उनके सशक्तिकरण के लिए सुख आश्रय योजना के तहत एक नई और अनूठी पहल की है। इसी क्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने शनिवार को नया सवेरा दिव्यांग शिक्षा संस्थान नसवाल के 19 चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट बच्चों को एक दिवसीय भ्रमण के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बच्चों को श्री नयना देवी माता जी के मंदिर का भ्रमण करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अनाथ बच्चों को शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए विशेष प्रयास किए हैं। वर्तमान सरकार ने प्रदेश के लगभग 6000 अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट का दर्जा देकर उनकी शिक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए एक प्रभावी कानून बनाया है।

उन्होंने कहा कि सुख आश्रय योजना का उद्देश्य न केवल इन बच्चों के कल्याण के लिए काम करना है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी सहायता करना है। यात्रा से उन्हें सांस्कृतिक और सामाजिक जानकारियां भी मिलेंगी, जो उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण में सहायक सिद्ध होंगी। हिमाचल प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य हैए जिसने अनाथ बच्चों के सशक्तिकरण के लिए ऐसा कानून बनाया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App