276 महिला मंडलों ने निकाली झांकी

By: Jan 21st, 2025 12:12 am

झांकी प्रतियोगिता में हिमाचली संस्कृति की झलक पेश कर जीता दिल

निजी संवाददाता-मनाली
राष्ट्रीय स्तरीय विंटर कार्निवाल के पहले दिन मनाली विधानसभा क्षेत्र की महिला मंडलों ने झांकी प्रतियोगिता में भाग लेते हुए यहां अपनी संस्कृति की झलक को पेश की। पिछले वर्ष की भांति इस बार महिलाओं में इस झांकी प्रतियोगिता में भाग लेने को लेकर खासा उत्साह भी यहां देखने को मिला। सुबह छह बजे ही सभी महिला मंडल की महिलाएं इस प्रतियोगिता का हिस्सा बनने के लिए मनाली के परिधि गिरी पहुंची, जहां से झांकी प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यातिथि द्वारा हरी झंडी देकर किया जाना था। लेकिन इस बार मौसम की बेरुखी के चलते प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह मनाली विंटर कार्निवाल के पहले दिन शुभ अवसर पर नहीं पहुंच पाए और ऐसे में देरी से झांकी को मनाली के स्थानीय विधायक भुवनेश्वर गॉड ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान मनाली के विधायक के साथ जिला लाहुल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा व कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी भी मौजूद रहे। झांकी प्रतियोगिता में 276 के करीब महिला मंडलों ने भाग लेते हुए यहां झांकी के माध्यम से अपनी संस्कृति को दर्शाया। इसे देखकर दर्शकों ने इसकी खूब सराहना की। महिलाओं ने अपनी संस्कृति की झलक को पेश करते हुए यहां अपने पारंपरिक अनाजों सहित अपनी वेशभूषा को भी प्रदर्शित किया, तो वहीं कुछ महिला मंडलों ने विभिन्न समुदाय में अनेकता में एकता का संदेश दिया । तो वहीं कुछ महिला मंडलों ने हिमाचल प्रदेश के 12 जिलों के परिधानों को पहन कर भी यहां पर अपने परिधान को लेकर नई पीढ़ी को संदेश देते हुए अपने पारंपरिक परिधानो के प्रति भी रुचि रखने का संदेश दिया। वहीं महिला मंडलों द्वारा पौष्टिक आहार को लेकर भी पारंपरिक व्यंजनों को यहां पर दर्शाया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App