चंडीगढ़ मेयर चुनाव में सता रहा हॉर्स ट्रेडिंग का खतरा

कांग्रेस-आप ने सुरक्षित स्थानों पर भेजे पार्षद, 30 को होगी वोटिंग
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़
चंडीगढ़ में मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इंडिया गठबंधन की घटक पार्टियों कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अपने पार्षदों को भाजपा द्वारा तोड़े जाने के डर से सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया है। कांग्रेस के पार्षद लुधियाना में डेरा डाले हुए हैं, जबकि आप के पार्षदों को रोपड़ भेजा गया है। 30 जनवरी को होने वाले मेयर चुनाव में मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी की प्रेमलता और भाजपा की हरप्रीत कौर बबला के बीच होगा। सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए कांग्रेस के जसबीर सिंह बंटी और भाजपा की बिमला दुबे चुनाव मैदान में हैं।
डिप्टी मेयर पद पर कांग्रेस की तरुणा मेहता और भाजपा के लखबीर बिल्लू आमने-सामने हैं। इस चुनाव को लेकर तनाव तब और बढ़ गया, जब कांग्रेस नेता गुरबख्श रावत ने सोमवार को भाजपा का दामन थाम लिया। इस घटनाक्रम ने इंडिया गठबंधन को सतर्क कर दिया है। हालांकि गठबंधन के पास बहुमत है, लेकिन भाजपा का दावा है कि वह मेयर पद जीतेगी। इसी कारण दोनों दल अपने-अपने पार्षदों को सुरक्षित रखने की कोशिश में जुटे हैं। यह चुनाव न केवल चंडीगढ़ की स्थानीय राजनीति के लिए महत्त्वपूर्ण है, बल्कि यह इंडिया गठबंधन और भाजपा के बीच ताकत की परीक्षा भी है।
चंडीगढ़ मेयर इलेक्शन की होगी वीडियोग्राफी
चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर के चुनाव की वीडियोग्राफी होगी। इसके अलावा पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के पूर्व जज इस दौरान स्वतंत्र ऑब्जर्वर के तौर पर यहां मौजूद रहेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को ही इस बारे में आदेश दिए थे। कोर्ट ने यह भी कहा था कि चंडीगढ़ प्रशासन पर्यवेक्षक को मानदेय देगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App