19.40 करोड़ से हाइटेक होंगी अग्निशमन सेवाएं

By: Jan 11th, 2025 12:06 am

नादौन में अग्निशमन उपकेंद्र के उद्घाटन अवसर पर बोले मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू

खरीड़ी मेें स्पोट्र्स परिसर के निर्माण का लिया जायजा

कार्यालय संवाददाता — नादौन

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार शाम को अपने गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन पहुंचे। नादौन में मुख्यमंत्री ने अग्निशमन उपकेंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र में दो अग्निशमन वाहन उपलब्ध करवाए गए हैं। इसके माध्यम से आगजनी जैसी घटनाओं में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए इसे नियंत्रण करने की सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्रवासियों को लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश में अग्निशमन सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सेवाओं के आधुनिकीकरण के लिए 19.40 करोड़ रुपए की पहली किश्त जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग के आधुनिकीकरण के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आम लोगों के कल्याण के लिए नीतिगत फैसले लिए गए है तथा जन हितैषी कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने नादौन के खरीड़ी में 65 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे अत्याधुनिक बहुउद्देश्यीय स्पोट्र्स परिसर के निर्माण कार्य का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि इस परिसर में आठ लेन के स्वीमिंग पूल, शूटिंग रेंज सहित कुश्ती, मुक्केबाजी, कबड्डी, योग, टेबल टेनिस तथा बैडमिंटन के लिए समर्पित मैदानों जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार खेल गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है। इस परिसर में खेल जगत से जुड़े युवाओं को अपनी प्रतिभाओं के विकास के लिए उपयुक्त माहौल मिलेगा तथा युवा पीढ़ी का शारीरिक एवं मानसिक विकास सुनिश्चित होगा।

उन्होंने कहा कि युवाओं को मादक पदार्थों के दुरूपयोग के प्रति हतोत्साहित करने तथा उनमें जीवन के प्रति स्फूर्ती तथा रोमांच भरने के लिए राज्य के विभिन्न स्थानों पर इस तरह के बहुउद्देयीय खेल परिसर विकसित किए जा रहे हैं। इससे पूर्व नादौन पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी, रणजीत सिंह राणा एवं सुरेश कुमार, कांगड़ा सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया और कांग्रेस नेता पुष्पिंद्र वर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App