माता श्रीवैष्णोदेवी के दर उमड़ा आस्था का सैलाब

2024 में 94.83 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन; एक दशक में दूसरी सबसे बड़ी संख्या, अंतिम दिन पहुंचे 41,445 तीर्थयात्री
एजेंसियां — कटरा
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के कटरा शहर की त्रिकुटा पहाडिय़ों पर स्थित श्री माता वैष्णो देवी मंदिर के 2024 में करीब 94.83 लाख तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए हैं। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अंशुल गर्ग ने ‘एक्स’ पर लिखा कि वर्ष 2024 में लगभग 94.83 लाख तीर्थयात्रियों ने श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन किए, जो एक दशक में दूसरी सबसे बड़ी संख्या है। उन्होंने कहा कि माता रानी श्राइन बोर्ड पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें, क्योंकि बोर्ड ने वर्ष 2025 में तीर्थयात्रियों की सेवाओं को और बेहतर करने का प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया है।
हड़ताल के बावजूद साल के अंतिम दिन मंगलवार को 41,445 से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं की भीड़ का आलम यह था कि यात्रा पंजीकरण केंद्रों व दर्शन ड्योढ़ी पर पर दिनभर लाइन लगी रही। मंगलवार रात दस बजे तक 41,445 श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन कर चुके थे।
2012 में 1.04 करोड़ भक्तों ने किए थे मां के दर्शन
सीईओ अंशुल गर्ग ने बताया कि साल 2012 में तीर्थयात्रियों की संख्या 1.04 करोड़ के उच्चतम स्तर को छू गई थी। साल 2013 में तीर्थयात्रियों की संख्या 93.24 लाख से घटकर साल 2014 में 78.03 लाख, 2015 में 77.76 लाख, 2016 में 77.23 लाख रह गई। साल 2017 में यह संख्या बढक़र 81.78 लाख और साल 2018 में 85.87 लाख हो गई, साल 2019 में यह संख्या फिर घटकर 79.40 लाख रह गई। रिपोर्ट के अनुसार, इस साल लगभग 94.83 लाख तीर्थयात्रियों ने माता वैष्णो देवी जी के दर्शन किए, जो पिछले साल की तुलना में मात्र 42,000 कम है, जब वार्षिक तीर्थयात्री 95.22 लाख थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App