हींग, केसर और काला जीरा की खेती पर करें फोकस

By: Jan 22nd, 2025 12:10 am

सब्जी-फसलों के लिए प्रथाओं का एक एकीकृत पैकेज जल्द होगा जारी, कुलपति प्रोफेसर नवीन कुमार ने दी जानकारी

जयदीप रिहान-पालमपुर
कृषि विश्वविद्यालय डाक्टर वाईएस परमार बागबानी और वानिकी विश्वविद्यालय सोलन के सहयोग से किसानों की सहायता के उद्देश्य से सब्जी-फसलों के लिए प्रथाओं का एक एकीकृत पैकेज जल्द ही जारी करेगा। इसका खुलासा कृषि विश्व विद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नवीन कुमार ने किया। चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नवीन कुमार ने मंगलवार को 20वीं प्रसार परिषद और 19वीं अनुसंधान परिषद की बैठक की अध्यक्षता की। जिसमें कृषि अनुसंधान और प्रसार सेवाओं में महत्वपूर्ण विकास को रेखांकित किया गया। कुलपति ने कालेज ऑफ कम्युनिटी साइंस और कालेज ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज की सिफारिशों को प्रकाशित करने के लिए चल रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। प्रोफेसर कुमार ने विश्वविद्यालय की कृषि पहलों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि कृषि, पशुपालन और संबद्ध क्षेत्रों में इसकी उपलब्धियों ने राष्ट्रीय ध्यान आकर्षित किया है। कई किसानों को राष्ट्रीय स्तर पर उनके योगदान के लिए मान्यता दी गई है।

इसके अलावा विश्वविद्यालय ने गद्दी कुत्ते की नस्ल का पंजीकरण हासिल किया है, जो एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। बैठक के दौरान मधुमक्खी पालन, ठंडे पानी में मछली पालन, मुर्गी पालन, संरक्षित खेती एकीकृत कृषि और शून्य लगत व जैविक खेती जैसी प्रमुख पहलों पर चर्चा हुई। विश्वविद्यालय ने ग्रामीण युवाओं में उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के साथ हींग, केसर और काला जीरा जैसी फसलों की खेती में अपने चल रहे काम पर भी जोर दिया। प्रसार शिक्षा निदेशक डाक्टर विनोद शर्मा ने विश्वविद्यालय के आठ कृषि विज्ञान केंद्रों में प्रमुख प्रसार गतिविधियों, उपलब्धियों और भविष्य के कार्यक्रमों का विस्तृत अवलोकन प्रस्तुत किया। सह निदेशक अनुसंधान डाक्टर पंकज सूद ने विश्वविद्यालय में किए जा रहे शोध गतिविधियों पर चर्चा की। बैठक में विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डाक्टर मधु चौधरी, वित नियंत्रक नीरज सूद, डाक्टर विपिन गुलेरिया और अन्य ने सक्रिय भागीदारी की। इसके अतिरिक्त परिषद के सदस्यों प्रगतिशील किसान उपेंद्र वमा, रिग्जिन छिदन, रत्ती राम शांडिल, करण सिंह, नरेंद्र संधू, मनोनीत सदस्य डाक्टर वीके शर्मा, एचएल शर्मा, देशराज वाधवा ने भाग लिया। एचडीएम


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App