एक पैर खोने के बाद भी हौसला बुलंद

युवाओं के लिए प्रेरणा बने मंडी के पैरा एथलीट अजय कुमार
कार्यालय संवाददाता — मंडी
हिमाचल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन के लिए प्रदेश सरकार आगे आई है। पैरा खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर एथलेटिक्स में रजत पदक जीतकर इतिहास रचने वाले मंडी के अजय कुमार को उनकी उपलब्धियों के लिए राज्य सरकार द्वारा विशेष सम्मान दिया गया। रजत पदक विजेता अजय को प्रदेश सरकार ने 2.50 करोड़ की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया है। वर्ष 2023 में चीन में हुई पैरा एशियन गेम्स में अजय कुमार ने रजत पदक जीता। अजय कुमार का जन्म 28 जुलाई, 1990 को जिला मंडी के नगवाईं में चुन्नी लाल के घर हुआ। बचपन से ही दिल में देशसेवा का सपना देखते हुए अजय 2010 मेें भारतीय सेना में भर्ती हुए। जम्मू-कश्मीर के उरी क्षेत्र में तैनाती के दौरान 14 नवंबर, 2017 को एक आर्मी ऑपरेशन में दुश्मनों से लोहा लेते हुए उन्होंने अपना बायां पैर खो दिया। इसके बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई।
मगर अजय ने इसे चुनौती के रूप में लिया। पैर खो जाने के बावजूद उन्होंने कभी भी अपना जोश खोने नहीं दिया। अजय ने वर्ष 2021 में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की पैरा चैंपियनशिप में हिस्सा लिया और छह स्वर्ण और तीन रजत पदक जीते। उन्होंने वर्ष 2023 पैरा एशियाई खेलों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व कर एथलेटिक्स में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने मोरक्को अंतरराष्ट्रीय ग्रैंड प्रिक्स में टी-400 मीटर दौड़ में भाग लिया और चीन के हॉनझाऊ में आयोजित चौथी पैरा एशियाई खेलों में जगह पक्की की, जहां उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया।
पैरा एशियाई और पैरालंपिक पर नजर
अजय का अपनी उपलब्धियों व सरकार के प्रोत्साहन से और अधिक आत्मविश्वास बढ़ा है। वर्तमान में वह 5वें पैरा एशियाई खेल 2026 और पैरालंपिक खेलों में पदक का लक्ष्य लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App