2024 में घरों की बिक्री में 7% की बढ़ोतरी, इस शहर में खरीदे गए सबसे अधिक घर

By: Jan 8th, 2025 11:16 am

मुंबई। भारत में अचल संम्पत्ति बाजार के रुझानों पर नाइट फ्रैंक इंडिया की मंगलवार को रिपोर्ट ‘इंडिया रियल एस्टेट: रेजिडेंशियल एंड ऑफिस’ (जुलाई-दिसंबर 2024) के अनुसार इस वर्ष देश के आठ प्रमुख शहरों में घरों की बिक्री सालाना स्तर पर सात प्रतिशत की वृद्धि के साथ 12 साल के उच्चतम स्तर 3,50,613 इकाइयों पर पहुंच गई है। वर्ष के दौरान हैदराबाद और पुणे में यह बिक्री सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर रही, जबकि मुंबई में 96,187 इकाइयों की बिक्री हुई, जो पिछले 13 वर्षों का रिकॉर्ड है। मुंबई का देशभर की कुल बिक्री में 27 प्रतिशत योगदान रहा। इस दौरान एनसीआर-दिल्ली में घरों की बिक्री में थोड़ी गिरावट देखने को मिली। वर्ष 2024 में यहां चार प्रतिशत सालाना गिरावट दर्ज की गई। दो से पांच करोड़ के मकानों की बाजार ने शानदार बढ़त दर्ज की है। इस खंड में वृद्धि सालाना स्तर पर 85 प्रतिशत रही। इस दौरान हालांकि कम कीमत वाले (50 लाख रुपये से कम के और 50 लाख-एक करोड़ रुपये तक के) बाजार खंड में बिक्री में थोड़ी गिरावट आई है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि नए प्रोजेक्ट लॉन्च भी छह प्रतिशत बढ़े, जिनमें 3,72,936 फ्लैट पेश किए गए। अकेले मुंबई में 96,470 नए मकान पेश किए गए। बाजार की स्थिरता का संकेत क्वार्टर-टू-सेल (क्यूटीएस) अनुपात में सुधार से मिलता है जो वर्तमान दर पर बचे हुए मकानों की बिक्री के लिए लगने वाली अनुमानित तिमाहियों का संकेतक है। यह अनुपात 2021 की पहली छमाही में 9.5 प्रतिशत था और अब घटकर 2024 की दूसरी छमाही में 5.8 प्रतिशत रह गया है।

घरों की कीमतों में भी हुई बढ़ोतरी

नाइट फ्रैंक इंडिया का कहना है कि बिक्री की तेज रफ्तार के चलते सभी प्रमुख बाजारों में कीमतों में बढ़ोतरी हुई, जिसमें बेंगलुरु में 12 प्रतिशत की सालाना वृद्धि सबसे ज्यादा रही। यह रिपोर्ट भारत के आवासीय रियल एस्टेट क्षेत्र में निरंतर विकास और मजबूती को दर्शाती है। नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर शिशिर बैजल ने कहा, “वर्ष 2020 के बाद से आवासीय बाजार में तेजी से सुधार हुआ है, और 2024 में यह 12 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। प्रीमियम घरों की मांग तेजी से बढ़ रही है, क्योंकि उपभोक्ता अब बेहतर सुविधाओं और हाई-एंड लाइफस्टाइल की चाहत रखते हैं। बाजार में स्थिर आर्थिक स्थिति और ब्याज दरों ने भी इस रुझान को मजबूत किया है। नए साल में यह गति बनी रहेगी और हम बाजार में और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।”

मुंबई में बिके सबसे अधिक घर

रिपोर्ट के अनुसार मुंबई 2024 में देश में सबसे बड़ा आवासीय बाजार बना रहा और वहां बीते साल 13 वर्षों की सबसे ज्यादा बिक्री हुई है। देशभर में हुई कुल बिक्री में मुंबई का योगदान 27 प्रतिशत है। हैदराबाद और पुणे ने भी शानदार प्रदर्शन किया, जहां क्रमशः 36,974 और 52,346 इकाइयों की बिक्री हुई। कोलकाता ने 16 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ सबसे अधिक प्रतिशत वृद्धि दर्ज की, जबकि अहमदाबाद में 15 प्रतिशत और मुंबई में बिक्री में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर में घरों की बिक्री में थोड़ी गिरावट देखने को मिली। वर्ष 2024 में यहां चार प्रतिशत सालाना गिरावट दर्ज की गई। यह रिपोर्ट भारत के आवासीय रियल एस्टेट बाजार में सकारात्मक रुझान और उपभोक्ताओं की बढ़ती दिलचस्पी को दर्शाती है।

नाइट फ्रैंक इंडिया ने कहा है कि 2020 से आवासीय बाजार में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे शहरों में स्टाम्प ड्यूटी में छूट जैसी सरकारी नीतियों ने इस बढ़त को सहारा दिया। हालांकि, असली वजह यह थी कि लोग अपनी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए घर खरीदने लगे। महामारी के दौरान घर में रहने और काम करने की बढ़ती जरूरतों ने लोगों को ऐसी जगहों में निवेश करने के लिए प्रेरित किया, जो उनके जीवन को आरामदायक और बेहतर बना सकें।

रिपोर्ट के अनुसार इस दौरान देश में अचल संम्पत्ति के इन आठ प्रमुख बाजारों में मकानों की बढ़ती मांग के साथ ही निर्माण गतिविधियां भी तेज हुई है। वर्ष 2022 से शुरू होने वाले नए प्रोजेक्ट्स की संख्या ने बिक्री को भी पीछे छोड़ दिया। वर्ष 2024 में आवासीय लॉन्च छह प्रतिशत बढ़कर 3,72,936 इकाइयों तक पहुंच गए, जो पिछले 12 सालों में सबसे अधिक हैं। बाजार का नया रुझान महंगे घरों (एक करोड़ रुपए और उससे अधिक) की श्रेणी में नई परियोजनाओं की घोषणाओं में तेजी दर्शाता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App