सेहत के लिए कितना लाभकारी है पालक, जानें इसके फायदे

By: Jan 10th, 2025 7:40 pm

पालक का पौधा अपने देश के प्राय: सभी प्रांतों में सुलभता व सस्ते में मिल जाता है। इसमें जो गुण है वैसा और किसी शाक में नहीं होता है। ज्यादातर यह शीत ऋतु में पाया जाता है। पालक में कई औषधीय गुण होते हैं, जो हमारे स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होते हैं। पालक ऐसी हरी पत्तेदार सब्जी है, जो सेहत के गुणों से भरपूर है। भारत में बड़े पैमाने पर पालक का प्रयोग किया जाता है। पालक में कैलोरी, प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, फैट, फाइबर और खनिज लवण होते हैं। साथ ही पालक में कैल्शियम, मैगनीशियम, आयरन तथा विटामिन ए, बी, सी आदि प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। पालक को आप सब्जी बनाकर, जूस या कच्चा किसी भी रूप में सेवन कर सकते हैं। पालक खाने से शरीर में संक्रमण का खतरा कम हो जाता है और आप कई बीमारियों से बच सकते हैं। पालक खाने से हड्डियां मजबूत होती हैं। इतना ही नहीं पालक को आंखों की रोशनी के लिए भी अच्छा माना जाता है। जिन लोगों को एनीमिया की शिकायत है, उन्हें पालक का सेवन करना चाहिए। तो चलिए आज हम आपको पालक खाने से होने वाले फायदों के बारे में बताते हैं।

खून की कमी दूर करे

पालक में आयरन की मात्रा बहुत अधिक होती है और इसमें मौजूद आयरन शरीर आसानी से सोख लेता है। इसलिए पालक खाने से हिमोग्लोबिन बढ़ता है। खून की कमी से पीडि़त व्यक्तियों को पालक खाने से काफी फायदा पहुंचता है।

शरीर को बनाए मजबूत

पालक में मौजूद फ्लेवोनाइड्स एंटीऑक्सीडेंट का काम करता है। यह तत्त्व रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि करने के अलावा हृदय संबंधी बीमारियों से लडऩे में भी मददगार होते हंै। इसमें पाया जाने वाला बीटा कैरोटिन और विटामिन सी क्षय होने से बचाता है। सलाद में इसके सेवन से पाचनतंत्र मजबूत होता है और यह भूख बढ़ाने में सहायक होता है।

बालों के लिए उपयोगी

पालक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि बालों के लिए भी बहुत अच्छा होता है। जो लोग बाल गिरने की समस्या से परेशान हैं, उन्हें पालक को अपने नियमित आहार में शामिल करना चाहिए। क्योंकि पालक शरीर में आयरन की कमी को पूरा करके बालों को गिरने से रोकता है।

रूखापन दूर करे

पालक त्वचा को रूखा होने से बचाता है। साथ ही चेहरे के कील मुंहासे मिटाने और त्वचा को स्वस्थ रखने में मददगार होता है। पालक का पेस्ट बनाकर चेहरे पर लगाने से चेहरे से झाइयां दूर हो जाती हैं या पालक व गाजर के रस में थोड़ा सा नींबू का रस मिलाकर पीने से चेहरा सुंदर और कांतिमय होता है।

मस्सल्स में मजबूती

अगर आप अपनी बाहों को गठीला और मस्सल्स को मजबूत बनाने चाहते हैं, तो अपने आहार में पालक को जरूर शामिल करें।

गर्मी से राहत

गर्मी में होने वाले नजले, सीने और फेफड़े की जलन में भी यह लाभप्रद है। साथ ही पित्त को शांत करता है और गर्मी के कारण होने वाले पीलिया और खांसी में भी बहुत लाभदायक होता है।

हृदय रोग में लाभ

पालक का सेवन करने से हृदय रोग में भी फायदा होता है। इसके लिए आधा चम्मच चौलाई का रस, एक चम्मच पालक का रस और एक चम्मच नींबू का रस तीनों को मिलाकर सुबह नियमित रूप से सेवन करने से हृदय रोगी को लाभ होने लगेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App