बच्चों में बढ़ता मोटापा कितना खतरनाक, इसको कैसे करें कंट्रोल जानें
आजकल बच्चों में मोटापा एक कॉमन समस्या बनती जा रही है। अनहेल्दी खान-पान और खराब लाइफ स्टाइल के चलते बच्चे तेजी से ओबेसिटी (मोटापा) का शिकार होते जा रहे हैं, जो आगे चलकर उनकी सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। सिर्फ बढ़ा हुआ वजन ही मोटापा नहीं कहलाता, बल्कि शरीर में जमी एक्स्ट्रा चर्बी भी इसी श्रेणी में आती है। मोटापे की वजह से बच्चों को कई बीमारियों का रिस्क भी रहता है। बीते एक दशक से तो मोटापा बच्चों में एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या बन गया है। जिसको कंट्रोल करना जरूरी है। बच्चों में मोटापा क्यों बढ़ता है और इसको कैसे कंट्रोल किया जा सकता है। जानते हैं इसके बारे में विस्तार से।
बच्चों में क्यों बढ़ रहा मोटापा
आज के समय में बच्चे घर का खाना छोड़ जंक फूड, प्रोसेस्ड फूड को ज्यादा प्रेफर कर रहे हैं। जिससे बच्चे तेजी से मोटे हो रहे हैं। मोटापे के कारण बच्चों में कई तरह की बीमारियां भी बढ़ रही हैं। मोटे बच्चों में टाइप 2 डायबिटीज की समस्या तेजी से बढ़ती जा रही है। कुछ मामलों में मोटापे के कारण हाई बीपी और हार्ट डिजीज का भी रिस्क रहता है।
दिल से जुड़ी बीमारियां
असंतुलित आहार और खराब लाइफ स्टाइल के चलते बच्चों में दिल से जुड़ी बीमारियां भी तेजी से बढ़ रही हैं। कम उम्र में ही बच्चे कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर की चपेट में आ रहे हैं। इससे बच्चों में हार्ट अटैक का भी खतरा बढ़ जाता है।
सांस से जुड़ी दिक्कत
बच्चों में मोटापे से अस्थामा और सांस जैसी परेशानी बढ़ जाती है। वजन बढऩे से फेफड़ों पर अधिक दबाव बढ़ता है, जिससे सांस लेने में कठिनाई होती है।
मानसिक तनाव
मोटापे से बच्चों में मानसिक तनाव भी बढ़ता है। मोटापे से कई बार बच्चे खुद को दूसरों से अलग महसूस करते हैं। वह ग्रुप में कंफर्टेबल फील नहीं कर पाते हैं। उनका आत्मविश्वास कम होने लगता है। जिससे वो बचपन से ही स्ट्रेस में आ जाते हैं।
ज्वाइंट पेन
मोटापे की वजह से हड्डियों और जोड़ों पर ज्यादा दबाव पड़ता है। इससे कलाई, कोहनी, घुटने समेत ज्वाइंट में पेन शुरू हो जाता है। आगे चलकर यह पेन अर्थराइटिस समेत कई अन्य बीमारियों को बढ़ा देता है। जिसका बच्चों को लंबे समय तक इलाज करवाना पड़ता है।
ऐसे करें कंट्रोल
जंक फूड, प्रोसेस्ड फूड और ज्यादा मीठी चीज खाने से बच्चों को बचना चाहिए। बच्चों को बाहर का खाना छोडक़र घर का पौष्टिक और संतुलित आहार लेना चाहिए। बच्चों को हरी सब्जियां, फल, दाल और साबुत अनाज खाना चाहिए। कई शोध में यह बात सामने आई है कि स्क्रीन टाइम से मोटापा बढ़ता है। इसलिए बच्चों को टीवी, मोबाइल टैब पर अधिक समय नहीं देना चाहिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App