ममता कुलकर्णी किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर, संगम तट पर पिंडदान किया, अब कहलाएंगी…

एजेंसियां— प्रयागराज
बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर बन गई हैं। उन्होंने शुक्रवार को प्रयागराज में संगम तट पर पिंडदान किया। अब वह यामाई ममता नंद गिरि कहलाएंगी। 53 साल की ममता शुक्रवार सुबह ही महाकुंभ में किन्नर अखाड़ा पहुंची थीं। उन्होंने किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक महामंडलेश्वर बनने को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद किन्नर अखाड़ा ने उन्हें महामंडलेश्वर की पदवी देने का ऐलान किया।
इसके बाद महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ममता को लेकर अखिल भारतीय अखाड़े के अध्यक्ष रविंद्र पुरी के पास पहुंचीं। ममता और पुरी के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इस दौरान किन्नर अखाड़े के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। फिर उनके महामंडलेश्वर बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई। ममता साध्वी के रूप में महाकुंभ में शामिल हुईं। वह भगवा कपड़े पहनी दिखीं। उन्होंने गले में रुद्राक्ष की दो बड़ी माला पहन रखी थीं। कंधे पर भगवा झोला भी टांग रखा था।
पट्टाभिषेक देखने पहुंचे दस हजार लोग
महाकुंभ का शुक्रवार को 12वां दिन था। बॉलीवुड एक्ट्रेस ममता कुुलकर्णी किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बन गईं। उनका दुग्धाभिषेक और पट्टाभिषेक हुआ। अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने उनका दुग्धाभिषेक किया। महामंडलेश्वर बनने के बाद ममता ने अखाड़े के संतों से आशीर्वाद लिए। फिर छत्र, चंवर के साथ दिखीं। फिर सबको आशीर्वाद देती नजर आईं। ममता का पट्टाभिषेक देखने अखाड़े में 10 हजार लोग पहुंचे। इससे पहले ममता ने संगम में डुबकी लगाई और पिंडदान किया।
ब्रह्मा, विष्णु और महेश दिख गए, अब समाज के लिए करूंगी काम
ममता कुलकर्णी ने कहा कि अब मुझे बॉलीवुड में नहीं जाना है। अब मुझे सनातन के लिए आगे काम करना है। मुझे आज काशी जाना था, लेकिन आज यहां मेरे सामने ब्रह्मा, विष्णुजी और महेश सामने दिख गए। मैंने तत्काल निर्णय लिया कि 23 साल की तपस्या का आज सर्टिफिकेट तो बनता है। आज से मैं समाज के लिए काम करूंगी।
अभिनेत्री बोलीं, महाकुंभ में आना यादगार पल
ममता ने कहा कि महाकुंभ में आना और यहां की भव्यता को देखना उनके लिए बहुत ही यादगार पल है। यह मेरा सौभाग्य होगा कि महाकुंभ की इस पवित्र बेला में मैं भी साक्षी बन रही हूं। संतों के आशीर्वाद प्राप्त कर रही हूं। जब ममता किन्नर अखाड़े पहुंची तो उन्हें देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। उनके साथ सेल्फी और फोटो लेने के लिए लोगों में होड़ मच गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App