प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर सजा राम मंदिर, जयकारों से गूंजा दर्शनपथ

By: Jan 11th, 2025 11:13 pm

समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी ने की विशेष पूजा-अर्चना

एजेंसियां— अयोध्या

रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ शनिवार को धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान राम लला के दर्शन को देश भर से लाखों श्रद्धालु पहुंचे। राममंदिर में विराजमान बालकराम शनिवार को एक साल के हो गए हैं। शनिवार की सुबह पांच बजे से ही दर्शनपथ पर जयकारे गूंजने लगे। पहली वर्षगांठ में सीएम योगी भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि किन कारणों से हमारे पूज्य आराध्य देव स्थल अपमानित हो रहे थे। अगर हम जाति के नाम पर विभाजित रहेंगे, तो इस तरह की अपमानजनक स्थितियों का सामना करना पड़ेगा।

हम कमजोर होंगे तो इसका खामियाजा हमारे पूज्य धर्म स्थलों को भुगतना होगा। बहन-बेटियों को भुगतना होगा। सीएम योगी ने कहा कि रामजन्मभूमि का आंदोलन, एक सार्थक लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। अब अयोध्या में आने पर त्रेता युग का एहसास होता है। उन्होंने कहा कि एक-दो साल में राम जन्मभूमि परिसर अपने भव्य रूप में होगा। इस दौरान सीएम योगी ने भी रामलला की पूजा-अर्चना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

नई दल्ली। पीएम मोदी ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर समस्त देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि यह दिव्य-भव्य राम मंदिर विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में एक बड़ी प्रेरणा बनेगा।

पंचामृत से अभिषेक पीतांबर वस्त्र पहनाए

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर विशेष पूजा हुई। पुजारियों ने पंचामृत अभिषेक किया। पहले दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से अभिषेक किया, फिर गंगाजल से नहलाया। इसके बाद रामलला का शाृंगार किया गया। उन्हें पीतांबर वस्त्र पहनाए गए। इसमें सोने के तारों से बुनाई की गई है। उनके मुकुट में हीरा जड़ा है।

22 जनवरी को विराजमान हुए थे रामलला

अयोध्या में भव्य और दिव्य मंदिर में रामलला 22 जनवरी 2024 को विराजमान हुए थे। हिंदू कैलेंडर के मुताबिक वह तिथि का मुहूर्त 11 जनवरी को पड़ रहा है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने बताया कि पिछले वर्ष 2024 में प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को पौष शुक्ल द्वादशी के दिन की गई थी और इस बार 2025 में यह तिथि 11 जनवरी को पड़ रही है। इसलिए उत्सव मनाया जा
रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App