चुराह में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को सलाम

कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष चंबा धीरज नरयाल रहे चीफ गेस्ट, कांग्रेस पर साधा निशाना
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-तीसा
भाजपा मंडल बैरा व चुराह की ओर से शुक्रवार को संविधान गौरव दिवस के अवसर पर उपमंडल मुख्यालय भंजराडू में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला भाजपा प्रधान चंबा धीरज नर्याल ने मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थिति दर्ज करवाई। कार्यक्रम की शुरुआत में बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पाजंलि अर्पित करने की रस्म अदा करने के साथ हुई। धीरज नर्याल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर को सम्मान दिया है, जबकि कांग्रेस उनका निरादर करती रही। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने सर्वहित में उन्होंने संविधान का निर्माण किया, जो आज भी देश का मार्गदर्शन कर रहा है। उन्होंने पार्टी द्वारा संचालित संविधान गौरव अभियान की विस्तृत जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि अपने आप को संविधान हितैषी बताने वाली कांग्रेस पार्टी बताए कि इस देश मे ज्यादातर समय तक शासन करने के दौरान वो बाबा साहब अंबेडकर को भारत रत्न क्यों नहीं दे पाई। धीरज नर्याल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के समय देश का सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न अवार्ड बाबा को भाजपा सरकार ने ही दिया। केंद्र की मोदी सरकार के समय बाबा साहेब की जन्म और कर्मभूमि में उनके सम्मान में विशाल स्मारक का निर्माण भी भाजपा सरकार ने ही करवाकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर भाजपा मंडल बैरा के अध्यक्ष परस राम, भाजपा मंडल भंजराडू के अध्यक्ष अमर सिंह ठाकुर और पूर्व जिला भाजपा महामंत्री वीरेंद्र ठाकुर सहित काफी तादाद में भाजपाई मौजूद रहे।
प्रश्नोत्तरी में छाए साहो के होनहार
चंबा। होली हिमालयन पब्लिक स्कूल साहो में गणतंत्र दिवस और हिमाचल पूर्ण राज्य दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में रवि ठाकुर ने मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थिति दर्ज करवाई। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन कमेटी अध्यक्ष राम ठाकुर और उपाध्यक्ष वंदना शर्मा सहित कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती सरस्वती वंदना से की गई। इस दौरान भाषण, कविता और प्रश्नोतरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई। प्रश्नोतरी प्रतियोगिता में यजुर्वेद की कात्यायनी और वीरकरण ने पहला, सामवेद की रिदिमा और सानवी ने दूसरा, अधर्ववेद की मीनल और रक्षिता ने तीसरा स्थान हासिल किया। कविता प्रतियोगिता में नव्या ठाकुर प्रथम, अकुल राणा द्धितीय और हिताक्षी तृतीय स्थान पर रही। स्लोग्न प्रतियोगिता में अरनव वर्मा पहले, आरुषि दूसरे और मानवी तीसरे स्थान पर रही। मुख्यातिथि रवि ठाकुर ने स्कूल को ग्यारह सौ रूपए की राशि भेंट की। इस मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य दीपक शंकर शर्मा, उप्रधानाचार्य यासीश सुरया, मीनाक्षी ठाकुर, अध्यक्ष विनय ठाकुर आशा शर्मा, रीना कुमारी, मोनिका शर्मा, सरोज, ममता, अक्षय ठाकुर, मंजीत शर्मा इंदू राणा सहित अभिभावक मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App