बस खराब, सडक़ पर गुजारी सारी रात, भक्तों को झेलनी पड़ी दिक्कतें, सीटीयू की कार्यप्रणाली पर सवाल

By: Feb 1st, 2025 12:06 am

चंडीगढ़ से प्रयागराज के लिए निकले भक्तों को झेलनी पड़ी दिक्कतें, सीटीयू की कार्यप्रणाली पर सवाल

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंडीगढ़

चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग सीटीयू ने लगभग एक सप्ताह पहले उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुभ के लिए एसी बस सेवा शुरू की थी। यह बस रोजाना चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित आईएसबीटी से दोपहर 12 बजे चलती है। मिली जानकारी अनुसार गुुरुवार की रात सीटीयू की बस खराब हो गई। इस वजह से बस में सवार लोगों को रात सडक़ पर गुजारनी पड़ी। प्रयागराज से चंडीगढ़ जा रही सीटीयू की बस गुरुवार रात 11:30 बजे बीच रास्ते में खराब हो गई। बस में 50 से अधिक यात्रियों को सडक़ पर रात गुजारनी पड़ी। रात साढ़े 11 बजे से शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे तक यात्री खराब बस की वजह से परेशान होते रहे। लोगों का आरोप है कि उन्होंने सीटीयू प्रबंधन से भी संपर्क किया, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई मदद नहीं मिली। जानकारी अनुसार सीटीयू की बस प्रयागराज से चंडीगढ़ के लिए चली थी। करीब 300 किमी सफर के बाद कन्नौज बाइपास में बस खराब हो गई। बस स्टार्ट नहीं हो रही थी। बताया जा रहा है कि इस पर यात्रियों ने सीटीयू के संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने भी फोन नहीं उठाया।

बस खराब होने की वजह से सभी रातभर परेशान होते रहे। सभी यात्री सडक़ पर असुरक्षित और असहाय स्थिति में फंसे रहे। ठंड और अंधेरे में यात्री डरे हुए थे और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका से परेशान हैं। जानकारी अनुसार सुबह लगभग 7 बजे किसी तरह बस को मैकेनिक बुलाकर ठीक किया गय, लेकिन बस अलीगढ़ के पास दोबारा खराब हो गई। यहां यात्रियों ने बस से उतर कर धक्का लगाया तब जाकर बस को दोराबा स्टार्ट किया गया। इसके बाद जब वह सोनीपत पहुंचे तब उन्हें सीटीयू की दूसरी बस में बैठाया गया। सभी यात्री शाम को छह बजे चंडीगढ़ पहुंचे। लोगों का आरोप है कि सीटीयू की लापरवाही की वजह से उन्हें परेशानी हुई है। आधी रात बस खराब होने की वजह से यात्री कई घंटे फंसे रहे। ऐसे में अगर किसी का स्वास्थ्य खराब हो जाता या कोई दूसरी घटना उनके साथ होती तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होता। महाकुंभ में गए यात्रियों के लिए यह सफर 24 घंटे से भी ज्यादा समय का रहा है। यात्रियों का कहना है कि सीटीयू प्रबंधन ने तो उनका साथ नहीं दिया, लेकिन बस के चालक और परिचालक ने यात्रियों के साथ खड़े रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App