दिल्ली में भाजपा की जीत पर चंडीगढ़ में जश्न

By: Feb 8th, 2025 9:03 pm

बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़ और लड्डू बांट कर किया खुशी का इजहार

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंडीगढ़

भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ कार्यालय में आज भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की ऐतिहासिक जीत का भव्य जश्न मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जीत की खुशी में पटाखे फोडक़रए लड्डू बांटकर और एक-दूसरे को बधाइयां देकर अपनी खुशी का इजहार किया। कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम्म और मोदी है तो मुमकिन है जैसे जोरदार नारे लगा कर अपनी खुशी का इजहार किया।

इस अवसर पर चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष मल्होत्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मजबूत नेतृत्व क्षमता और उनकी जनकल्याणकारी नीतियों की जीत है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद को चुना है। यह जीत उन लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है, जिन्होंने दिन-रात एक करके पार्टी के संदेश को हर घर तक पहुंचाया। भाजपा अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दिल्ली के लोगों को अब आप दा से मुक्ति मिल गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के नागरिक अब भली.भांति समझ गए हैं कि खोखले वादों और झूठे प्रचार से ज्यादा जरूरी है ईमानदारी से किया गया काम और विकास पर केंद्रित नीतियां।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App