बारिश न होने से पीली पडऩे लगी लहसुन की फसल

मौसम की बेरुखी की भेंट चढ़ी लगी फसल; मटर, गोभी और गेहूं पर भी मंडराने लगा खतरा, किसान परेशान
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
बारिश पर निर्भर जिला के किसानों की रबी समेत लहसुन की फसल मौसम की बेरुखी की भेंट चढऩे लगी है। बारिश न होने से किसानों के चेहरे मायूस होते जा रहे हैं और उनके माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई रही हैं। लहसुन, मटर, गोभी और गेहूं सहित अन्य फसल सूख रही हैं। इसमें सबसे अधिक नुकसान लहसुन को हो रहा है और पानी की कमी से फसल पीली पड़ती जा रही है। इस कारण अब किसानों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है और उन्हें अपनी लागत पूरी होती भी नहीं दिख रही है। जानकारी के अनुसार बीते वर्षों में लहसुन के अच्छे दाम मिलने से जिला में लहसुन की खेती के तहत आने वाला क्षेत्र भी बढ़ रहा है। अब यहां लोग इसे नकदी फसल के रूप में उगा रहे हैं।
इस बार करीब 580 हेक्टेयर क्षेत्र में लहसुन की रोपाई की गई है, जबकि पिछले वर्ष 500 हेक्टेयर क्षेत्र में ही खेती की गई थी। इस बार अच्छी बारिश न होने से लहसुन पीला पडऩा शुरू हो गया है। इसमें सबसे अधिक परेशानी बारिश पर निर्भर रहने वाले किसानों को झेलनी पड़ रही है। अब लहसुन का साइज बनना शुरू होगा तो इसे पानी की अधिक आवश्यकता रहती है, जबकि अधिकतर क्षेत्रों में इसकी बढ़ोतरी रुक गई है। इस संबंध में कृषि विभाग सोलन के उपनिदेशक डाक्टर देव राज कश्यप ने बताया कि बारिश पर निर्भर रहने वाले किसानों ने भी लहसुन की रोपाई की है। इससे पहले पानी वाले क्षेत्रों में लहसुन की पैदावार होती थी। बारिश तो हुई है, लेकिन वह फसलों के लिए बहुत कम है। लहसुन, गेहूं, मटर के लिए अभी और बारिश की आवश्यकता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App