सात अवैध तहबाजारियों का सामान जब्त

By: Feb 5th, 2025 12:11 am

नगर निगम की टीम ने की कार्रवाई, अब जुर्माना भरने पर ही वापस होगा सामान

स्टाफ रिपोर्टर—शिमला
हाईकोर्ट के आदेशों के बाद नगर निगम शिमला अवैध तहबाजारियों पर सख्त हो गया है। नगर निगम की टीम लगातार अवैध तहबाजारियों का सामान जब्त कर रहा है। मंगलवार को भी नगर निगम की टीम ने आईजीएमसी से सात अवैध तहबाजारियों का सामान जब्त किया। इसमें ज्यादातर अंडा, मोमोज बेचने वालों का सामान जब्त किया है। इसके साथ ही यहां पर रेलिंगों पर कपड़े बेचने वालों का सामान भी नगर निगम की टीम ने जब्त किया है। इसमें कई अवैध तहबाजारी वह भी हैं, जिनका पहले भी सामान जब्त किया गया था।

ऐसे में अब नगर निगम इन अवैध तहबाजारियों का सामान तभी देगा जब यह 10 हजार रुपए जुर्माना देंगे। इसके बाद भी यह अवैध तहबाजारी करते हुए पकड़े जाते हैं तो नगर निगम इन पर जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाने वाला है। नगर निगम की टीम ने मंगलवार को जो छापा मारा था उसमें अवैध तहबाजारियों के गैस सिलेंडर भी शामिल हैं। इसके साथ ही उनके बरतन और कपड़े शामिल हैं। वहीं, नगर निगम की टीम ने लोअर बाजार का भी निरीक्षण किया, लेकिन यहां पर आईजीएमसी की सूचना मिलने के बाद अवैध तहबाजारियों ने अपना सामान उठा लिया था। एमसी के कर्मचारी रोमेश ठाकुर ने कहा कि बताया कि जिन लोगों का पहली बार सामान उठाया है, उन्हें एक हजार रुपए जुमार्ना देना होगा और जिनका दूसरी बार सामान जब्त किया गया है, उन्हें नगर निगम 10 हजार रुपए जुर्माना लगाने वाला है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App