विरासत-ए-चंबा आज…हेरिटेज वॉक, फिर कुंजड़ी मल्हार

By: Feb 8th, 2025 12:59 am

मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर होंगे समारोह के चीफ गेस्ट

दीपक शर्मा-चंबा
प्रदेश के अग्रणी मीडिया ग्रुप दिव्य हिमाचल की ओर से शनिवार आठ फरवरी को मुख्यालय चंबा में भाषा एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश व जिला प्रशासन के सहयोग से विरासत-ए-चंबा कार्यक्रम के सफल आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हंै। मुख्यालय में अपनी तरह के इस पहले आयोजन को लेकर शहर के विभिन्न अहम प्वाइंट पर होर्डिंग स्थापित कर दिए गए हैं। शुक्रवार दोपहर बाद कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए सचिव मुख्यमंत्री, शिक्षा, भाषा एवं संस्कृति विभाग व ऊर्जा राकेश कंवर भी मुख्यालय पहुंच गए हैं। राकेश कंवर का चंबा पहुंचने पर उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, एडीएम अमित मैहरा व एसी टू डीसी पीपी सिंह की अगवाई में अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने पुष्प गुच्छा भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर दिव्य हिमाचल के राज्य ब्यूरो प्रमुख राजेश मंढोत्रा भी अपनी टीम संग मौजूद रहे। शनिवार को जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले विरासत-ए-चंबा कार्यक्रम का शुभारंभ सवेरे हेरिटेज वाक के जरिए स्कूली छात्रों को शहर की ऐतिहासिक धरोहरों की जानकारी दी जाएगी। हेरिटज वाक शनिवार सवेरे अखंड चंडी पैलेस से आरंभ होकर ऐतिहासिक लक्षमीनाथ मंदिर, ऐतिहासिक चौगान व हरिराय मंदिर से होकर भूरि सिंह संग्रहालय के ग्राउंड में जाकर समाप्त होगा।

इस दौरान मुख्यातिथि संग स्कूली बच्चों व विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों को इन ऐतिहासिक स्थलों के इतिहास के बारे में स्त्रोत व्यक्तियों द्वारा जानकारी दी जाएगी। दोपहर बाद बचत भवन में आकांक्षी जिला का सफर पर आयोजित परिचर्चा में शिक्षा, पर्यटन व संस्कृृति विषयों पर व्याख्यान के अलावा इन क्षेत्रों में प्रशासन की ओर अर्जित उपलब्धियों पर जानकारी दी जाएगी। सांझ पहर अखंड चंडी पैलेस के दरबार हाल में चंबयाली विरासत की रागिनी थीम पर आधारित सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली गायक पीयूष राज दर्शकों का मनोरंजन करेंगें। पारंपरिक कुंजड़ी मल्हार व मुसाधा गायन पर भी प्रस्तुति दी जाएंगीं। जिला के विभिन्न उपमंडलों के उत्कृष्ट नृतक दल पारंपरिक परिधानों में अपनी प्रस्तुति देकर समृद्ध चंबयाली लोक संस्कृति की झलक पेश करेंगें। सांस्कृतिक संध्या में सदर विधायक नीरज नैयर व चमेरा पावर स्टेशन-दो के महाप्रबंधक उमेश कुमार नंद विशेषातिथि के तौर पर उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। एचडीएम


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App