अब 11 मीटर चौड़ा होगा रिज

नए व्यू प्वाइंट का होगा निर्माण, सैलानी कर सकेंगे शहर के हसीन नजारों का दीदार
पंकज चौहान—शिमला
रिज अब जल्द ही न्यू लुक में नजर आने वाला है। रिज अब 11 मीटर चौड़ा हो गया है। लोक निर्माण विभाग मार्च तक रिज की स्थिरता और परिसर के निर्माण का कार्य पूरा कर लेगा। इस परियोजना पर 68 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। कार्य पूरा होने के बाद इसे मार्च तक नगर निगम को सौंपा जाएगा। नगर निगम ने प्रस्ताव तैयार किया है, जिसके अनुसार रिज के नवनिर्मित परिसर की निचली मंजिलें वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए दी जाएंगी। ऊपरी मंजिलों में बच्चों के मनोरंजन के लिए गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस प्रस्ताव को स्टेट हेरिटेज कमेटी के पास भेजा है, जिससे नक्शे में आवश्यक बदलाव कर मंजूरी ली जा सके।
रिज के नजदीक पदमदेव कांप्लेक्स की तरह एक नए व्यू प्वाइंट का निर्माण भी किया जा रहा है। यह सैलानियों को शहर के सुंदर नजारों को देखने का मौका देगा। रिज की स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए पहाड़ के किनारों पर 20 मीटर गहरी 1000 से अधिक पाइल्स लगाई गई हैं। इन पाइल्स में लोहे के पाइप में चार सरिये डालकर कंक्रीट भरा है। इसके साथ ही सेल्फ ड्रिलिंग एंकर (एसडीए) तकनीक का उपयोग किया जा रहा जो पहाड़ में सरिया डालने के लिए विशेष रूप से कारगर है। एसडीए फास्टनर्स की मदद से मैदान के किनारों पर एक मजबूत संरचना बनाई जा रही है जो एंकर प्वाइंट का काम करेगी। रिज के धंस रहे हिस्से को स्थिर करने का कार्य स्मार्ट सिटी मिशन के तहत वर्ष 2021 में शुरू किया था। परियोजना का मुख्य उद्देश्य रिज के ढांचे को मजबूत बनाना है। —एचडीएम
रिज को चौड़ा करने के साथ हम यहां सेल्फी प्वाइंट बनाने वाले हैं। कोबल स्टॉन का काम शुरू हो गया है। अब घोड़ा स्टैंड को चौड़ा करने को लेकर हम प्रदेश सरकार के लिए प्रस्ताव तैयार करेंगे, ताकि पूरा रिज मैदान चौड़ा और सुंदर बन सके
सुरेंद्र चौहान, मेयर, नगर निगम शिमला
नए क्षेत्र पर कोबल स्टॉन का काम शुरू
रिज के नए परिसर की छत पर कोबल स्टोन लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। इस स्टोन के लगने पर रिज की सुंदरता पर चार चांद लगने वाले हैं। इसके साथ यहां पर 4 सेल्फी प्वाइंट का निर्माण भी किया जाएगा। इसके अलावा यहां पर फूलदान लगाने की योजना भी नगर निगम बना
रहा है।
तिरंगा टक्का बैंच और रेन शेल्टर भी होगा शिफ्ट
रिज पर तिरंगे को भी टक्का बैंच पर शिफ्ट किया जा रहा है। इसके अलावा यहां पर रेन शेल्टर को घोड़ा स्टैंड के पास शिफ्ट किया जाएगा। घोड़ा स्टैंड के पास भी परिसर बनाने का प्रस्ताव नगर निगम बना रहा है, ताकि इस क्षेत्र से भी करीब 10 मीटर रिज चौड़ा हो सके। यहां पर नीचे घोड़ा स्टैंड बनाया जाएगा। इसके अलावा पूरा रिज खुला ही नजर आएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App