नयनादेवी मंदिर पर 100 करोड़ होंगे खर्च

By: Feb 9th, 2025 12:59 am

मार्च 2025 तक 50 हज़ार महिलाओं को इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि के लाभ मिलने होंगे आरंभ
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- बिलासपुर
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 100 करोड़ रुपए की लागत से नैना देवी मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इसका सौंदर्यीकरण तीन चरणों में होगा। उन्होंने कहा कि श्री नैना देवी जी मंदिर के साथ-साथ मां चिंतपूर्णी मंदिर, मां ज्वालामुखी मंदिर और बाबा बालक नाथ मंदिर का भी राज्य सरकार सौंदर्यीकरण करेगी। आने वाले समय में अन्य मंदिरों का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा। उन्होंने श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के जगातखाना में लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग का मंडल खोलने के साथ-साथ नम्होल में उपतहसील खोलने की घोषणा की। उन्होंने श्री नैना देवी जी में 50 बिस्तर वाले अस्पताल के शेष कार्य को पूरा करने के लिए आठ करोड़ रुपए प्रदान करने के साथ-साथ जुखाला में इनडोर स्टेडियम का निर्माण करने के लिए वित्तीय राशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। बिलासपुर जिला के श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में समृद्धि लाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं को चरणबद्ध तरीक़े से 1500 रुपए प्रति माह बतौर सम्मान राशि दिए जा रहे हैं तथा मार्च 2025 तक 50 हज़ार महिलाओं को इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि के लाभ मिलने आरंभ हो जाएंगे।

सुक्खू ने कहा कि भानुपल्ली रेल लाइन पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सोच का नतीजा है। बिलासपुर तक रेल लाईन बिछाने के लिए राज्य सरकार ने अपना हिस्सा दे दिया है और आगे का खर्च केंद्र स्वयं उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने 500 करोड़ रुपए के भवन बना दिए लेकिन वह खाली पड़े हैं। हमारी प्राथमिकता भवन बनाना नहींए हमारी प्राथमिकता अच्छी शिक्षा और अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। हम प्रदेश की जनता को धोखा नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में सुधार आया है लेकिन सरकार यहां रुकने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में एम्स तो बनाए लेकिन डाक्टर उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार 75 हज़ार करोड़ का कर्ज और 10 हज़ार करोड़ रुपए की सरकारी कर्मचारियों की देनदारियां विरासत में छोड़ कर गई। चुनाव से छह महीने पहले राजनीतिक लाभ के लिए भाजपा ने राज्य सरकार का खज़़ाना ख़ाली कर दिया और 5 हज़ार करोड़ रुपए की रेवडिय़ां बांट दी। पूर्व विधायक तिलक राज व बंबर ठाकुर, कांग्रेस नेता विवेक कुमार व विकास ठाकुर, जायका परियोजना के मीडिया सलाहकार राजेश्वर ठाकुर के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. निधि पटेलए एसपी संदीप धवल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App