सुबह उठते ही लें प्रभु का नाम

By: Feb 11th, 2025 12:02 am

बाबा बाल जी महाराज ने बरसाए अमृत वचन, भक्तों ने लिया आशीर्वाद

दिव्य हिमाचल ब्यूरो,ऊना
श्री राधा-कृष्ण कोटला कलां में चल रहे विराट धार्मिक सम्मेलन के दसवें दिन भारी संख्या में भक्तों का हुजूम उमड़ा। इस मौके पर भक्तों ने राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के समक्ष शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया। भक्तों द्वारा हरे कृष्णा के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। बाबा बाल जी महाराज ने प्रवचन वर्षा करते हुए कहा कि प्रात: काल प्रभु का स्मरण करते हुए उठना चाहिए।

ब्रह्म मुहूर्त में उठने सेे अद्भुत लाभ प्राप्त होते हैं। संसार की सारी संपदा भी भगवान की कथा के समक्ष अत्यंत अल्प है। ईश्वर का सतत चिंतन करने से गंगा जैसी पवित्रता, हिमालय जैसी अडिगता, सागर जैसी गहराई एवं चंद्रमा जैसी शीतलता प्राप्त होती है। मन विकार रहित होकर परम सुख का अनुभव करता है। मनुष्य असंख्य सद्गुणों का भंडार है। सच्चाई तो यह है कि मानव ईश्वर की सर्वोश्रम कृति है। प्रभु की इतनी अनुकंपा होने पर भी हम रोते रहते हैं, यह हम सब का अज्ञान ही तो है। आलस्य, प्रमाद, अराम तलबी एवं बुरी आदतों ने हमें आगे नहीं बढऩे दिया। भगवान की कथा बार-बार सुनने से बुरी आदतें छूटती जाती हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App