Himachal News : हिमाचल के बच्चों में पढऩे की ललक बढ़ी

By: Feb 4th, 2025 11:03 pm

प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन ने शिक्षा मंत्री को सौंपी असर रिपोर्ट, तीसरी कक्षा के 46.6 फीसदी छात्र भाषा पढऩे में सक्षम

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बच्चों के सीखने के स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। यह निष्कर्ष प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा जारी असर 2024 रिपोर्ट में सामने आया है। प्रथम संस्था की ओर से यह रिपोर्ट शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को सौंपी गई। इस दौरान राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, राजेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से शिक्षा की गुणवत्ता में बड़ा सुधार देखने को मिला है।

उन्होंने असर रिपोर्ट के निष्कर्षों को सराहनीय बताते हुए अगले शैक्षणिक सत्र में सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया। समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने शिक्षा मंत्री को आश्वस्त किया कि बच्चों के सीखने के स्तर में और सुधार के लिए समग्र शिक्षा के तहत व्यापक एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। वर्ष 2022 में जहां तीसरी कक्षा के मात्र 23.0 फीसदी बच्चे भाषा में दूसरी कक्षा के स्तर का पाठ पढ़ सकते थे, वहीं अब 2024 में यह संख्या दोगुनी होकर 46.6 फीसदी हो गई है। इस उपलब्धि के साथ हिमाचल पूरे देश में शीर्ष स्थान पर है। भाषा पढऩे में पांचवीं कक्षा के बच्चों में भी सुधार पढऩे की क्षमता के मामले में सरकारी स्कूलों के पांचवीं कक्षा के बच्चों में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। 2022 में जहां 60.2 फीसदी बच्चे भाषा में दूसरी कक्षा के स्तर का पाठ पढ़ सकते थे, वहीं 2024 में यह आंकड़ा बढक़र 65.8 फीसदी हो गया। इस सुधार के साथ हिमाचल प्रदेश देश के शीर्ष राज्यों में शामिल हो गया है।

गणित में भी प्रदर्शन बेहतर

गणित की दक्षता में भी हिमाचल के सरकारी स्कूलों के बच्चों ने महत्त्वपूर्ण प्रगति की है। 2022 में कक्षा तीन के केवल 31 फीसदी बच्चे घटाव के सवाल हल कर पाते थे, जबकि 2024 में यह संख्या बढक़र 46.7 फीसदी हो गई। यानी पिछले दो वर्षों में इसमें 15.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। गणित में ही पांचवीं कक्षा के बच्चों की भाग करने की क्षमता में भी सुधार दर्ज किया गया है। 2022 में जहां 38.1 फीसदी छात्र भाग के सवाल हल कर सकते थे, वहीं 2024 में यह आंकड़ा बढक़र 44 फीसदी हो गया, यानी इसमें 5.9 फीसदी का सुधार हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App