चंबा-जोत-चुवाड़ी मार्ग पर दौड़ी गाडिय़ां
बर्फबारी से बंद सडक़ दोपहर बाद गाडिय़ों की आवाजाही के लिए खोली, लोगों ने ली राहत की सांस
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
बर्फबारी के कारण बंद चंबा-जोत-चुवाडी मार्ग को गुरुवार दोपहर बाद छोटे वाहनों की आवजाही के लिए खोल दिया है। इसके बाद जोत मार्ग पर छोटे वाहनों ने सरपट दौडना आरंभ किया है। इस मार्ग पर यातायात बहाल होने से जोत व आस-पास के गांवों के लोगों ने बर्फ की कैद से निजात मिलने पर राहत की सांस ली है। जोत मार्ग पर बडे वाहनों की आवाजाही को सामान्य बनाने हेतु बर्फ हटाने का कार्य अभी जारी है। पीडब्ल्यूडी चंबा मंडल के कनिष्ठ अभियंता भास्कर सहगल ने खबर की पुष्टि की है। मंगलवार रात को जोत में करीब डेढ फुट बर्फबारी होने के बाद वाहनों के पहिये थमकर रह गए थे। पीडब्ल्यूडी विभाग ने मौसम खुलते ही बुधवार को जेसीबी मशीनों के सहयोग से मार्ग पर जमी फुटों के हिसाब से बर्फ हटाने का काम आरंभ कर दिया था। मगर दोपहर बाद फिर से बर्फबारी का दौर आरंभ होने से यातायात बहाली का काम रोकना पडा था।
मौसम के साफ होते ही लोक निर्माण विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद गुरुवार शाम को जोत मार्ग से बर्फ हटाकर छोटे वाहनों की आवाजाही को सामान्य बना दिया गया है। उधर, पीडब्ल्यूडी चंबा मंडल के कनिष्ठ अभियंता भास्कर सहगल ने बताया कि जोत मार्ग को छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है। उन्होंने बताया कि मार्ग पर बर्फ जमा होने के चलते फिलहाल बडे वाहनों की आवाजाही की इजाजत नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम तक जोत मार्ग को बडे वाहनों के लिए भी खोल दिया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों से आग्रह किया है कि सुबह-शाम बर्फ जमने से कोहरा पडने के चलते ड्राइविंग में विशेष सावधानी बरते, जिससे किसी तरह के जान व माल के नुकसान की संभावना को शून्य किया जा सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App