104 अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर अमृतसर पहुंचा US सैन्य विमान, इन राज्यों से सबसे अधिक

By: Feb 5th, 2025 4:02 pm

अमृतसर। अमरीकी सैन्य विमान सी-17 निर्वासित अवैध भारतीय प्रवासियों के पहले जत्थे के तौर पर को 104 भारतीयों को लेकर बुधवार को अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दोपहर बाद 1.55 बजे उतरा। सूत्रों ने बताया कि निर्वासितों में से 30 लोग पंजाब से हैं, 33-33 हरियाणा और गुजरात से, तीन-तीन महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से और दो चंडीगढ़ से हैं। प्रारंभिक पूछताछ और सत्यापन के बाद, प्रशासन ने उन्हें पंजाब और हरियाणा में उनके निवास स्थान पर वापस भेजने की व्यवस्था की है।

डोनाल्ड ट्रंप के अमरीकी राष्ट्रपति के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद, वहां की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। अवैध तरीकों से अमरीका में प्रवेश करने वालों पर कार्रवाई करने के आदेश देने के बाद यह अवैध भारतीय प्रवासियों का पहला जत्था है, जिसे निर्वासित किया जा गया है। पंजाब के कई लोग, जो लाखों रुपए खर्च करके ‘डोंकी मार्गों’ या अन्य अवैध तरीकों से अमेरिका में प्रवेश कर गये थे, वे अब निर्वासन का सामना कर रहे हैं।

विमान से लाए गए 80 प्रतिशत अवैध प्रवासी 20 और 30 वर्ष की उम्र के हैं, जबकि 12 लोग 16 वर्ष से कम उम्र के हैं, जिनमें चार और पांच साल की उम्र के दो बच्चे शामिल हैं। कुल 104 यात्रियों में से 12 प्रवासी 16 साल से कम के है, जिनमें चार और पांच साल के दो बच्चे भी शामिल हैं। एक चार साल का बच्चा गुजरात के मेहसाणा का रहने वाला है। विमान में सबसे उम्रदराज यात्री मुंबई के 44 वर्षीय गुरविंदर सिंह हैं। पंजाब के 30 मूल निवासियों में से सबसे ज्यादा छह लोग राज्य के दोआबा के एनआरआई बेल्ट में कपूरथला जिले के हैं। पांच निर्वासित अमृतसर के निवासी हैं, चार-चार जालंधर और पटियाला से, दो-दो होशियारपुर तथा लुधियाना और शहीद भगत सिंह नगर से और एक-एक फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, संगरूर, गुरदासपुर और तरनतारन से हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App