प्राकृतिक खेती किसानों की आय बढ़ाने में मददगार
प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय में वैज्ञानिकों और किसान मास्टर प्रशिक्षकों के लिए प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
कार्यालय संवाददाता – पालमपुर
भारत सरकार के कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा वित्त पोषित ‘प्राकृतिक कृषि मिशन‘ के तहत चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व अनुसंधान निदेशक प्रो. एसपी शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान (मैनेज), हैदराबाद के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कृषि विज्ञान केंद्रों और कृषि विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिकों को प्राकृतिक कृषि प्रथाओं के बारे में शिक्षित करना है। प्रो. एसपी शर्मा ने मिट्टी की सेहत, कृषि उत्पादकता और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्राकृतिक खेती के महत्त्व पर जोर दिया। प्राकृतिक खेती अपनाने से किसानों की आय में वृद्धि हो सकती है, क्योंकि इससे उत्पादन लागत कम होती है। उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि प्राकृतिक किसानों और उनके समूहों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलनी चाहिए, ताकि ग्राहकों को किसानों तक सीधे पहुंचने में आसानी हो। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रभावों के मूल्यांकन पर जोर दिया, क्योंकि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों के आयोजन में महत्त्वपूर्ण संसाधनों का निवेश किया जाता है।
किसानों को एकीकृत पोषण प्रबंधन, जैविक खेती और प्राकृतिक खेती जैसी विभिन्न कृषि प्रणालियों की जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि भारत की 145 करोड़ जनसंख्या के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने केवीके वैज्ञानिकों को प्राकृतिक खेती के स्तंभों को मजबूत करने के लिए उपयोगी सुझाव दिए। साथ ही, उन्होंने अच्छे भोजन, और स्वस्थ भूमि के लिए प्राकृतिक खेती के मुख्य सिद्धांतों की जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन में ‘मैनेज’ की भूमिका को भी स्पष्ट किया। डा. जनार्दन सिंह, प्रशिक्षण कार्यक्रम निदेशक और प्राकृतिक खेती केंद्र के नोडल अधिकारी ने कार्यक्रम के उद्देश्यों को रेखांकित किया। उन्होंने खाद्य, पोषण और आर्थिक सुरक्षा के संदर्भ में प्राकृतिक खेती के महत्त्व पर जोर दिया। इस कार्यक्रम में प्रशिक्षण समन्वयक डा. रमेश्वर कुमार, डा. गोपाल कतना और डा. राकेश चौहान भी उपस्थित थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App