नो एंट्री में बाइक ले जाने पर कटा 20 हजार का चालान

By: Mar 26th, 2025 10:42 pm

इतनी बढ़ी राशि का चालान करने पर भड़के स्थानीय निवासी

बोले विधायक की गाड़ी माल पर पहुंची तो 1500 से 3 हजार का चालान, नो एंट्री का 20 हजार क्यों

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

शिमला के टुटू में एक युवक का पुलिस ने 20 हजार रुपए का चालान कर दिया। युवक का चालान इसलिए किया गया क्योंकि वह नो एंट्री में बाइक लेकर पहुंच गया था। इतनी बड़ी राशि का चालान काटने पर स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति रोष है। लोगों का कहना कि नो एंट्री में प्रवेश करने पर इतना भारी भरकम चालान करना जायज नहीं है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि पुलिस शिमला में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर पुलिस के दोहरे मापदंड अपना रही है। जहां पर टूटू क्षेत्र में नो एंट्री जोन में बाइक ले जाने पर एक आम नागरिक का 20 हजार रुपए का चालान काटा गया, तो वहीं कुछ दिन पहले एक विधायक की गाड़ी के माल रोड पर नियम तोड़ने पर महज 1500 रुपए से 3 हजार का चालान किया गया।घटना बुधवार सुबह 8:15 बजे की है। टूटू से पावर हाउस की ओर जाते समय एक बाइक सवार को पुलिस ने पकड़ा लिया।

इस मार्ग पर रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक एकतरफा यातायात व्यवस्था है। वाहन केवल पावर हाउस से टूटू की ओर जा सकते हैं, विपरीत दिशा में नहीं। बाइक सवार पंकज ठाकुर ने बताया कि वह अपने घर जा रहा था। उन्होंने इतनी बड़ी राशि का चालान काटने को अनुचित बताया। यह घटना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। एक तरफ आम नागरिक से 20 हजार रुपए वसूले जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जनप्रतिनिधि को मामूली चालान से छोड़ दिया जाता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App