हीरू में आज तक नहीं बनी पक्की सडक़

जरा सी बारिश से ही बुजूर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं को झेलनी पड़ रही परेशानी
सुनील समियाल-मकलोडगंज
अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल मकलोडगंज के हीरू क्षेत्र के बाशिंदे आज भी सडक़ सुविधा से वंचित हैं। यह क्षेत्र नगर निगम धर्मशाला के वार्ड तीन मकलोडगंज में शामिल है। लेकिन आजादी के 76 साल हो जाने के बाद भी स्मार्ट सिटी धर्मशाला का हीरू क्षेत्र भाग्य रेखाओं से महरूम है। पक्की सडक़ सुविधा न मिल पाने के कारण लोगों को बरसात सहित हल्की बारिश होने पर पैदल ही बोझ उठाने का मजबूर होना पड़ता है। इतना ही नहीं बच्चों को हर दिन स्कूल जाने, बुजूर्गों, गंभीर बिमारियों-दुर्घटना व गर्भवती महिलाओं के दौरान भी भारी समस्याएं झेलने पड़ रही हैं। कहने को तो इंटरनेशनल पर्यटक स्थल है, लेकिन क्षेत्र में लगने वाले जाम से भी लोगों को परेशानी हो रही है। हिमाचल प्रदेश की स्मार्ट सिटी धर्मशाला में आए दिन राजनीतिक नेताओं द्वारा धर्मशाला शहर व शहर के लोगों के हित के लिए बड़ी-बड़ी घोषणाएं की जाती हैं परंतु धरातल तक नहीं पहुंच पाती है। स्मार्ट सिटी धर्मशाला के लिए बड़ी-बड़ी घोषणाएं करने वाले नेताओं की घोषणाएं केवल बोलने तक ही सीमित हैं, उन पर अभी तक कार्य किया जाना बाकी हैं। स्मार्ट सिटी की पर्यटक नगरी मकलोडगंज का हीरू स्मार्ट शहर के तहत आता तो है, लेकिन क्षेत्र में गांव से भी अधिक समस्याएं हैं। हीरू में सडक़ न होने से गांववासी आवाजाही को लेकर परेशान रहते हैं। -एचडीएम
स्थानीय लोगों के बोल…
पर्यटक स्थल मकलोडगंज के हीरू क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के बाद सडक़ किचड़मय हो जाती है। जिसके कारण बरसात के दिनों में सभी लोग घर में कैद हो जाते हैं।
क्या बोले एसडीओ
लोक निर्माण विभाग उपमंडल धर्मशाला के एसडीओ धर्मिंद्र सिंह ने बताया कि नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर तीन मकलोडगंज के हीरू क्षेत्र सडक़ का टेंडर लगा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर बरसात से पहले ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। उसके बाद जल्द ही मकलोडगंज के हीरू क्षेत्र में पक्की सडक़ का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App