सिरमौर की बेटियां सफलता में ‘सिरमौर ‘

By: Mar 14th, 2025 12:10 am

लेफ्टिनेंट मनवीन कौर को किया सम्मानित

कार्यालय संवाददाता – पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में ऑल इंडिया सैणी सेवा समाज ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनी मनवीन कौर सैणी को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अनिल सैणी ने कहा कि यह हमारे सैणी समाज एवं गुरु की धरती पांवटा साहिब और प्रदेश के लिए बड़े गर्व की बात है। भविष्य में भी सैणी समाज उत्कृष्ट एवं बेहतर कार्य करने वाले बच्चों को सम्मानित करता रहेगा। समाज का इतिहास गौरवमयी रहा है। मनवीन कौर सैणी ने भी कड़ी मेहनत करके मुकाम को हासिल किया है। इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अनिल सैणी, कुलदीप सिंह सैणी, सुरेश सैणी, भूपेंद्र सिंह सैणी, किशोरी लाल सैणी, विनोद सैणी, गुरनाम सिंह बंगा, परमजीत सिंह बंगा, बूटा सिंह सैणी, परमिंदर सिंह, शमशेर सिंह सैणी, अमरजीत सिंह, हरविंदर सिंह सैणी, गुरुचरण सिंह सैणी आदि मौजूद रहे।

कल्पना ठाकुर का प्रवक्ता पद के लिए चयन

निजी संवाददाता – रोनहाट
यदि किसी में कुछ कर पाने का जज्बा व हुनर हो तो आखिरकार वह अपने मुकाम को हासिल कर ही लेते हैं। ऐसा ही करिश्मा जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के दुर्गम क्षेत्र पनोग की कल्पना ठाकुर ने कर दिखाया है। इतिहास प्रवक्ता के पद पर चयन हुआ है। कल्पना ठाकुर ने अपनी बचपन की पढ़ाई प्राथमिक स्कूल डाहर से पूरी की है। जमा दो की पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल जरवा जुनेली से हासिल की। उसके बाद उन्होंने बीए की शिक्षा राजकीय महाविद्यालय सोलन से प्राप्त की तथा एमए की पढ़ाई हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से प्राप्त की है। पढ़ाई के साथ-साथ हिम्मत नहीं हारी व मेहनत करती रही। बावजूद इसके आज उन्होंने इतिहास प्रवक्ता में अपना चयन हासिल किया है। गिरिपार क्षेत्र के दुर्गम इलाका पनोग में बेटी की कामयाबी पर बधाइयों का तांता लगा है। वहीं इस उपलब्धि पर लोगों द्वारा उन्हें खूब बधाई दी जा रही है। कल्पना ठाकुर के पति गोविंद पोजटा पनोग में लोकमित्र केंद्र का कार्य कर रहे हैं। आज उनकी धर्मपत्नी का इतिहास प्रवक्ता में चयन होने से पूरे गांव व परिजनों में खुशी का माहौल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App