HP Assembly Session : CM सुक्खू बोले, पांच गुटों में बंट गई है भाजपा, नहीं मिल रहा अध्यक्ष

By: Mar 13th, 2025 7:47 pm

मंत्रिमंडल में हमें क्या करना है हम देखेंगे, विपक्ष नहीं

जेई की भर्तियां जल्द, सोशल मीडिया से दूर रहें विधायक

चीफ रिपोर्टर- शिमला

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि वर्तमान में भाजपा पांच गुटों में बंट चुकी है। भाजपा को यही पता नहीं चल रहा कि उनका नेता कौन है। यही वजह है कि अभी तक भाजपा को अपना अध्यक्ष तक नहीं मिल रहा है। इनके नेताओं में आपसी होड़ लगी हुई है और एक दूसरे को पीछा करने में जुटे हैं। यह बात मुख्यमंत्री ने विधायक बिक्रम ठाकुर द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव पर बोली गई बातों पर पलटवार करते हुए कही। सीएम ने कहा कि मंत्रिमंडल में क्या किया जाना है, किसे रखना है किसे नहीं यह सरकार तय करेगी न कि विपक्ष। इसलिए भाजपा को अपना कुनबा संभालने का काम करना चाहिए, हम क्या कर रहे हैं यह हमें देखने दे।

उन्होंने कहा कि केवल सिंह पठानिया को लेकर बिक्रम ठाकुर की टिप्पणियों पर कहा कि केवल सिंह पठानिया पहली बार के विधायक हैं और दो साल में ही डिप्टी चीफ व्हिप बन चुके हैं मगर बिक्रम ठाकुर को 15 साल के बाद मंत्री का पद मिला था। उन्होंने कहा कि विपक्ष के विधायक यह कह रहे हैं कि लोगों को पेंशन नहीं मिल रही तो वह तथ्य सामने लाएं। दस्तावेजों के आधार पर बात करें यूं अनर्गल बयानबाजी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने दुग्ध उत्पादकों को गारंटी दी लेकिन यह नहीं लिखा कि 100 रूपए प्रति किलो दूध का मूल्य देंगे। वैसे भी सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की बात कही थी जिसे किया जा रहा है। आज दूध का मूल्य बढ़ाया जिसमें गाय का दूध 45 रूपए तो भैंस का 60 रूपए में खरीदा जा रहा है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करके सरकार इस रेट को 100 रूपए तो क्या 110 रूपए भी कर सकती है। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले गारंटियां दी थीं जोकि पांच साल के लिए है। अभी दो साल में 6 गारंटियां पूरी की हैं और पांच साल में सभी गारंटियों को पूरा कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग में जेई नहीं रखे जाने के आरोपों को भी खारिज किया और कहा कि जेई की भर्ती बंद नहीं की गई है ये भर्ती जल्दी ही निकलने वाली है। वर्क इंस्पेक्टर रखना एक अलग प्रक्रिया है इसलिए विपक्ष जनता को गुमराह न करे। उन्होंने बिक्रम ठाकुर को सोशल मीडिया से दूर रहने को कहा और बोले की खासकर शाम 6 बजे के बाद वो सोशल मीडिया न देखा करें। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्तिगत टिप्पणी सोशल मीडिया किसी की स्पांसरशिप में करता है तो उसका संज्ञान लेना चाहिए यह दोनों दलों के लिए सही नहीं है। केन्द्र सरकार का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि अब केन्द्र सरकार ने इसपर एक एक्ट लाया है जिसमें खुद फेसबुक पर लिखने या दिखाने वाले को प्रूव करना होगा और न किया तो तीन साल की सजा का भी प्रावधान है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया सत्य पर आधारित नहीं है।

—शकील कुरैशी


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App