HP Vidhan Sabha: विधानसभा में हनुमान चालीसा और शिव स्तुति की गूंज, पक्ष-विपक्ष उलझे

सदन में विपक्षी विधायकों के ज्ञान पर संजय रतन ने कसे तंज; भाजपाइयों ने विरोध में लगाए नारे, अध्यक्ष ने शांत करवाया मामला
विधानसभा में गुरुवार को हनुमान चालीसा और शिव स्तुति की गूंज भी सुनाई दी। दोनों पक्षों में हिंदुत्व को लेकर तीखी नोकझोंक देखने को मिली। विधायक संजय रतन हिंदुत्व के मुद्दे पर जबाव दे रहे थे। उन्होंने कहा कि यहां मौजूद विपक्ष के विधायक खुद को हिंदुवादी मानते हैं, लेकिन अभी कहा जाए कि हनुमान चालीसा या शिव स्तुति सुनाओ, तो नहीं सुना पाएंगे। इस पर विपक्षी विधायक भडक़ गए और सदन में नारेबाजी शुरू कर दी। बाद में विधानसभा अध्यक्ष को हस्तक्षेप कर मामले को शांत करवाना पड़ा। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और मुख्यमंत्री सुक्खू ने भी इस चर्चा में हिस्सा लेकर सवालों का जबाव दिया…
….राकेश शर्मा, शिमला
विपक्ष को नहीं आती हनुमान चालीसा
विधायक संजय रतन ने कहा कि हिमाचल में व्यवस्था परिवर्तन हुआ है। उन्होंने विपक्षी विधायकों को कहा कि आपको शिव स्तुति और हनुमान चालीसा नहीं आती है। कर्म, वचन और आस्था से सनातनी बनना पड़ता है। विपक्ष ने राम मंदिर को बेचा है। उन्होंने कहा कि सनातनी कहलाने के लिए हमें किसी से प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है। मंदिर ट्रस्ट जब सरकार ने अधिगृहीत किए, तो एक्ट बना था। उसमें आवश्यकतानुसार धन लिया जा सकता था। उन्होंने कहा कि एक करोड़ ज्वालामुखी मंदिर से सुखाश्रय योजना में गया है।
एम्स को क्लियरेंस कांग्रेस सरकार ने दी
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि एम्स में जितनी भी क्लियरेंस हुई हैं, वह मौजूदा सरकार ने दी है। आपदा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल का दौरा नहीं किया, जबकि प्रियंका गांधी खुद हिमाचल आई और फंड जुटाया। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी के माध्यम से करीब 50 करोड़ की मदद मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैरी तक रेलवे लाइन बन जाएगी। वह दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव से मिलकर रेलवे लाइन को 2027 तक पूरी करने का आह्वान करेंगे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।
रिकॉर्ड समय में बना बिलासपुर एम्स
नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सीएम सुक्खू को हास्यास्पद स्थिति नहीं बनानी चाहिए। रेलवे की चिठ्ठी आई है अपना शेयर जमा करो। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एम्स रिकॉर्ड समय में बना है। पीजीआई सेटेलाइट सेंटर भी भाजपा की सरकार ही लाई थी। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल के समय लंबित कई मामलों को भाजपा के समय पास किया गया। मौजूदा सरकार ने हिमकेयर योजना को बंद कर दिया गया है। अभी तक रोबोटिक्स सर्जरी शुरू नहीं हो पाई, पैट स्कैन की सुविधा के लिए पूर्व सरकार ने मंजूरी दी थी।
नहीं मिलेगा अनुबंध सेवाकाल का लाभ
विधायक त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि कर्मचारियों को अनुबंध सेवाकाल का लाभ नहीं मिलेगा। अब तक केवल 30 हजार महिलाओं को डेढ़ हजार की किस्त दी है, जबकि 18 से 60 साल की महिलाओं को डेढ़ हजार रुपए देने का वादा किया है। एक्साइज से महज चार प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। 70 हजार करोड़ ऋण लेने में 30 वर्ष लगे और 30 हजार करोड़ ऋण दो साल में ले लिया गया। रेलवे के भूमि अधिग्रहण के 975 करोड़ रुपए को बैंकों से वापस मांग लिया। आपदा में राहुल और प्रियंका गांधी प्रभावित इलाकों का दौरा करने नहीं गए।
सदन में कौन, क्या बोला
आपदा में अच्छा काम
विधायक कुलदीप राठौड़ ने कहा कि विपक्ष ने सकारात्मक सुझाव नहीं दिया। आपदा के समय सरकार ने सबसे अच्छा काम किया है। सरकार के दृढ़ निश्चय से आपदा से बाहर निकल पाए। सेब सही समय पर मार्केट में पहुंचा। सडक़ें विभाग ने दुरुस्त की। हिमाचल की कोई मदद केंद्र सरकार ने नहीं की। हिमाचल से भेदभाव हो रहा है। अमरीका ने भारतीय नागरिकों को सैनिक विमान में वापस भेजा। उन्होंने कहा कि सेब पर आयात शुल्क कम नहीं होना चाहिए।
भाई की पत्नी की ट्रांसफर
विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि उनके छोटे भाई की बेटी को पहले सोलन ट्रांसफर किया गया और इसके बाद उन्हें रोहड़ू भेज दिया गया। छोटी बेटी के साथ उन्हें जाना पड़ा। आम लोग इन बात का जवाब विधानसभा चुनाव में देंगे।
नहीं दी ओल्ड पेंशन
विधायक विनोद कुमार ने कहा कि ओल्ड पेंशन देने की बात सरकार कर रही है लेकिन अभी भी करीब ग्यारह विभाग ऐसे हैं जिनमें ओल्ड पेंशन लागू नहीं की गई है। कोविड में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों को हटाया गया है। आउटसोर्स कमियों को सरकार बाहर का रास्ता दिखा रही है। कांग्रेस सरकार ने ओल्ड पेंशन बंद करने पर सहमति जताई थी। जबकि पश्चिम बंगाल सरकार ने उस समय ओल्ड पेंशन को लागू नहीं किया। ऐसा ही कदम हिमाचल भी उठा सकता था।
ईको टूरिज्म को बढ़ावा
विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि कुल्लू में ओपीडी बढ़ी है। इससे जाहिर है कि सुविधाएं बढ़ी हैं। कुल्लू में सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद भरे हुए हैं। जलोड़ी पास में यूरोप की तर्ज पर काम्लेक्स बनाया गया है। बशलेऊ, बागा, सराहन में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। ईको टूरिज्म से प्रोजेक्ट लगाया जा रहा है। कुल्लू बस अड्डे में रोपवे का निर्माण होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पर्यटन को तरजीह देते हुए कई नई योजनाएं लागू की हैं।
ट्राइबल में राज्य सरकार नहीं कर रही मदद
विधायक डा. जनक राज ने कहा कि ट्राइबल में केंद्र सरकार से मदद मिल रही है। राज्य सरकार का क्या योगदान है। पांगी घाटी में लोग बर्फ को पिघला कर पानी पी रहे हैं। स्कूल बंद कर दिए गए हैं और बच्चों को दूर के स्कूल में जाना पड़ रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं की हालत खराब है, दंत चिकित्सक के पद खाली हैं। जनजातीय क्षेत्रों में सडक़ और पुल नहीं हैं। टूरिज्म प्रोजेक्ट से चंबा को बाहर कर दिया गया है। पांगी और भरमौर की महिलाओं को डेढ़ हजार रुपए नहीं दिए गए।
विधानसभा धन्यवाद प्रस्ताव
नहीं बना बंजार बाइपास
राज्यपाल अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव में बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि सरकार अपने दो साल के कार्यकाल में बंजार बाईपास के 300 मीटर का निर्माण नहीं करवा पाई जबकि सरकार सडक़ों को अपनी प्राथमिकता बताती है। उन्होंने कहा कि लगातार वह इसकी मांग उठा रहे हैं जोकि पूरी नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर कर्मचारियों को प्रताडि़त किया जा रहा है। पावर कारपोरेशन में शाडाबाई में दो एक्सईएन एक ही पद को संभाल रहे हैं वहीं बीडीओ कार्यालय के सचिव को भी ऐसे ही प्रताडि़त किया गया। इस तरह से लोगों को तंग किया जा रहा है ।
सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं
डिप्टी चीफ व्हिप केवल सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल देवी देवताओं की नगरी है जहां के लोगों को किसी से सनातनी होने का सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू की सोच हिमाचल प्रदेश के विकास की है और सरकार ने उन बच्चों के लिए सबसे बड़ी योजना चलाई जिनके बारे में कोई सोचता तक नहीं था। बेसहारा बच्चों के लिए मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना चलाई गई और सरकार इनकी माता और पिता बने। उन्होंने कहा कि यदि मंदिरों के दान का पैसा इनपर खर्च हो जाए तो इसमें क्या हर्ज है। उन्होंने कांगड़ा जिला में पर्यटन के विकास पर चलाई जा रही योजनाओं की तारीफ की।
किसी को नहीं मिले 1500
भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर ने धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए कहा कि एक बार के बाद किसी भी महिला को उसके खाते में 1500 रूपए नहीं आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक अपने इलाकों की जनसभा में इसका दावा करें जहां जनता उन्हें असलियत बता देगी। दूध का रेट 100 रूपए करने को कहा था वो नहीं हुआ, लोगों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली का दावा था उलटा उनसे सबसिडी छीन रहे हैं। कांग्रेस विधायक खुद परेशान हैं, लेकिन बोल नहीं पाते। राज्यपाल से जो अभिभाषण में बुलवाया, वह पूरी तरह से झूठ है क्योंकि इसमें ऐसा कुछ नहीं है जोकि सरकार ने पूरा किया हो।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App