10 साल में दोगुनी हुई भारत की Economy

दुनिया में सबसे तेज ग्रोथ दिसंबर तक जापान को पछाड़ देंगे
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
भारत की अर्थव्यवस्था पिछले 10 सालों में दोगुनी हो गई है। अर्थव्यवस्था की यह ग्रोथ दुनिया में सबसे तेज है। इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड यानी आईएमएफ के आंकड़ों के मुताबिक भारत की जीडीपी बीते दशक में 105 फीसदी बढ़ी है। वर्तमान में भारत की जीडीपी 4.3 ट्रिलियन डालर है, जबकि 2015 में यह महज 2.1 ट्रिलियन डालर थी। आईएमएफ के अनुसार 2025 की तीसरी तिमाही तक अर्थव्यवस्था के मामले में भारत जापान को पीछे छोड़ कर दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। जापान की जीडीपी अभी 4.4 ट्रिलियन डॉलर है। वहीं वृद्धि की वर्तमान दर बनी रही, तो भारत 2027 की दूसरी तिमाही तक जर्मनी (4.9 ट्रिलियन डॉलर जीडीपी) को भी पीछे छोड़ देगा।
भारत की जीडीपी ग्रोथ की रफ्तार यही रही, तो हर 1.5 साल में इकोनॉमी में एक ट्रिलियन डालर जुड़ेगा। इससे 2032 तक भारत 10 ट्रिलियन डालर की इकोनॉमी बन सकता है। कॉमर्स मिनिस्टर पियूष गोयल ने कहा पीएम मोदी के कार्यकाल में भारत की 10 साल में जीडीपी दोगुना हुई है। अब भारत दुनिया की तीसरी बड़ी इकोनॉमी बनने जा रहा है। भारत ने दुनिया के दूसरी प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं को पीछे छोड़ते हुए, चीन (76 फीसदी), अमरीका (66 फीसदी), जर्मनी (44 फीसदी), फ्रांस (38 फीसदी) और यूके (28 फीसदी) की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App