रंगस वन बीट में अवैध तरीके से काट डाले खैर के पेड़

वन विभाग ने आधी रात को दबिश देकर कब्जे में लिया ट्राला, मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को भी लिया हिरासत में
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
उपमंडल नादौन के तहत रंगस वन बीट से अवैध तरीके से खैर के पेड़ काटे गए हैं। खैर के चार बड़े पेड़ काटकर उनके 80 मोछे किए गए थे। वन विभाग ने आधी रात को गुप्त सूचना के आधार पर मौके पर दबिश देकर जहां ट्राले को पकड़ा वहीं एक व्यक्ति को भी पुलिस हिरासत में भेजा है। आरोपी नादौन क्षेत्र से ही संबंध रखने वाला बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी को शुक्रवार को माननीय अदालत में पेश करेगी। हालांकि पुलिस ने ट्राले के अंदर से सात खैर के मोछे बरामद किए हैं, बाकी मोछे वन विभाग ने अपनी जांच के बाद कस्टडी में लिए हैं। पुलिस ने जांच पड़ताल पूरी करने के बाद ट्राले को वन विभाग को सौंप दिया है। मामले में अब वन विभाग सहित पुलिस महकमा कार्रवाई कर रहा है।
पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस लकड़ी को कहां ले जाया जा रहा था। जानकारी के मुताबिक बुधवार देररात को रंगस क्षेत्र से खैर के पेड़ काटे जाने की सूचना वन विभाग को मिली थी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर दबिश दी। वहीं इस बारे में पुलिस को भी सूचित किया गया। हमीरपुर पुलिस की टीम ने मंडप क्षेत्र में ट्राले को लकड़ी के साथ पकड़ा। हालांकि इस दौरान सिर्फ सात ही खैर के मोछे ट्राले में थे। मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। वहीं वन विभाग की टीम ने निरीक्षण में पाया कि वन बीट से खैर के चार बड़े पेड़ काटे गए हैं। इन पेड़ों पर ही करीब 80 मोछे कर दिए गए थे।
क्या कहते हैं आरओ फोरेस्ट
आरओ वन विभाग नादौन राजीव सूद का कहना है कि बुधवार रात को यह कार्रवाई की गई है। रंगस वन बीट से खैर के चार पेड़ काटे गए हैं। उनके ही 70 से 80 मोछे कर दिए गए थे। सारी लकड़ी तथा ट्राले को वन विभाग ने अपने कब्जे में रखा है। विभाग मामले की जांच कर रहा है और पुलिस भी अपनी कार्रवाई कर रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App