शंभू, खनौरी बॉर्डर पर लंबे समय तक सड़क बंद रहने से पंजाब का उद्योग ठप पड़ा है: चीमा

By: Mar 20th, 2025 5:49 pm

चंडीगढ़। पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने गुरुवार को कहा कि रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए पंजाब में मजबूत औद्योगिक विकास की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के कारण शंभू और खनौरी जैसी प्रमुख सीमाओं पर लंबे समय तक सड़क बंद रहने के कारण प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।

हरपाल चीमा ने कहा कि राजमार्ग व्यापार और उद्योग के लिए पंजाब की जीवन रेखाएं हैं, जो राज्य को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता हैं। एक साल से अधिक समय तक बंद रहने से पंजाब की अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ा है और औद्योगिक विकास बाधित हुआ है। उन्होंने किसानों और प्रदर्शनकारियों से अपील की कि वे पंजाब के बुनियादी ढांचे को बाधित करने के बजाय केंद्र सरकार के खिलाफ अपने प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित करें।

उन्होंने कहा, “ आम आदमी पार्टी किसानों का समर्थन करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और लगातार उनके साथ खड़ी रही है। हाल के विधानसभा सत्र के दौरान हमने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों का विरोध करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया था। इसलिए हम अपने किसान भाइयों से अनुरोध करते हैं कि वे राजमार्गों को अवरुद्ध न करें, क्योंकि यह पंजाब के व्यापार और उद्योग को नुकसान पहुंचाता है। ”

मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार उद्योगों को लाकर, नौकरियां पैदा करने और पंजाब की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। चीमा ने किसानों की चिंताओं को दूर करने और फसलों पर कीड़ों के हमले जैसे संकटों का प्रबंधन करने में विफलता के लिए कांग्रेस और अकाली दल-भाजपा गठबंधन की पिछली सरकारों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, “ आम आदमी पार्टी सरकार कृषि समस्या का समाधान खोजने के लिए काम कर रही है। हम पंजाब की अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने और अपने युवाओं को बेहतर भविष्य प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।”


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App