इस साल 25 हजार नई नौकरियां देगी सरकार

By: Mar 17th, 2025 10:51 pm

बजट भाषण में मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू का ऐलान, कांस्टेबल के 1000 पद भरेंगे

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने कार्यकाल का तीसरा बजट पेश किया। सीएम सुक्खू ने 58,514 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तुत किया। बजट के अनुसार वर्ष 2025-26 में राजस्व प्राप्तियां 42,343 करोड़ रुपए रहने का अनुमान है तथा कुल राजस्व व्यय 48,733 करोड़ अनुमानित है। इस प्रकार कुल राजस्व घाटा 6,390 करोड़ रुपए अनुमानित है। राजकोषीय घाटा 10,338 करोड़ रुपए अनुमानित है…

राज्य ब्यूरो प्रमुख — शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने बजट भाषण में नई नौकरियों को लेकर ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वित्त वर्ष 2025-26 में 25000 लोगों को रोजगार देगी। इस दौरान उन्होंने विभागों का ब्रेकअप भी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा विभाग में कॉलेज में ही विभिन्न श्रेणियां के 1000 पद भरे जाएंगे। इसी विभाग में 1000 कर्मचारियों को रेगुलर किया जाएगा। पुलिस विभाग में वर्तमान में कांस्टेबल की भर्ती चल रही है, लेकिन अगले वित्त वर्ष में 1000 पद कांस्टेबलों के नए सिरे से भरे जाएंगे। उन्होंने बताया कि राज्य में आयुर्वेद डॉक्टर के 200 पद भरे जाएंगे, जबकि होम्योपैथी और यूनानी में भी भर्तियां होगी। आयुर्वेदिक फार्मेसी अधिकारियों के 52, लैब टेक्निशियनों के 32, स्टाफ नर्सो की 33, एएनएम के 82, जे ओ ए आईटी के 42 पदों को भरा जाएगा। सरकार गृह रक्षा और नागरिक सुरक्षा विभाग में होमगार्ड स्वयंसेवक ड्राइवर के 113 पद भी भरेगी। पंचायती राज संस्थाओं के बेहतर कार्य के लिए पंचायत सचिवों के 853 पदों को सीधी भर्ती के माध्यम से भरा जाएगा। तकनीकी सहायकों के 219 पद भरे जाएंगे, जबकि कनिष्ठ अभियंताओं की 65 और सहायक अभियंताओं के पांच पद पदोन्नति से भरे जाएंगे।

जलशक्ति विभाग में 4500 युवाओं को मिलेगी नौकरी

मुख्यमंत्री ने अन्य विभागों में भी विभिन्न श्रेणी के पद भरने का ऐलान किया है। इसमें जल शक्ति विभाग में 4500 पैरा कर्मचारी, जिनमें 2500 मल्टी पर्पज कर्मी, 1276 पैरा पंप ऑपरेटर, 500 पैरा फिटर, 92 पैरा कुक और 132 पैरा हेल्पर शामिल हैं, की नियुक्ति की स्वीकृति पहले ही दे दी गई है, जिसकी प्रक्रिया चल रही है।

कांस्टेबल प्रोमोशन के लिए आठ साल बाद होगा एग्जाम

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घोषणा की कि पुलिस विभाग में कांस्टेबल की पदोन्नति के लिए जरूरी परीक्षा बी-वन का आयोजन इसी साल करवाया जाएगा। प्रदेश सरकार यह परीक्षा 500 पदों के लिए करवाएगी। इसकी अधिसूचना जल्द जारी की जा रही है। यह परीक्षा प्रोमोशन के लिए जरूरी है, लेकिन 2017 से अभी तक नहीं करवाई गई है।

युवाओं के लिए सरकार का तोहफा

25 हजार युवाओं को नौकरी देेगी सरकार
कॉलजों में भरे जाएंगे 1000 पद
मेडिकल ऑफिसर के 200 पद भरेंगे
होम्योपैथिक चिकितसा अधिकारियों के तीन पद भरने का ऐलान
आयुर्वेदिक फार्मेसी अधिकारियों के 52 पद
लैब टेक्निशियन की 32 पोस्ट भरी जाएंगी
स्टाफ नर्र्स की 33 पद भरेगी सरकार
एएनएम के 82 और जेओए आईटी के 42 पद भरने की भी घोषणा
गृह रक्षा और नागरिक सुरक्षा विभाग में होमगार्ड स्वयंसेवक ड्राइवर के 113 पद भरेंगे
पंचायत सचिवों के 853 पदों को सीधी भर्ती के माध्यम से भरा जाएगा
तकनीकी सहायकों के 219 पद भरे जाएंगे
कनिष्ठ अभियंताओं की 65 और सहायक अभियंताओं के पांच पद पदोन्नति से भरेंगे


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App