WPL 2025 : मुंबई इंडियंस फाइनल में, 47 रन से जीता मैच

By: Mar 13th, 2025 11:23 pm

एजेंसियां— मुंबई

डब्ल्यूपीएल का गुरुवार को मुंबई इंडियंस व गुजरात जायंट्स के बीच एलिमिनेटर मैच खेला गया, जिसे मुंबई इंडियंस ने 47 रन से जीत लिया। अब मुंबई इंडियंस की शनिवार को डब्ल्यूपीएल फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ंत होगी। मुंबई इंडियंस ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हेली मैथ्यूज और नताली सिवर ब्रंट की शतकीय साझेदारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स के सामने 214 रन का लक्ष्य रखा। मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 213 रन बनाए। यह महिला प्रीमियर लीग के इतिहास का पहली पारी का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। गुजरात के लिए डैनियल गिब्सन ने दो और काशवी गौतम ने एक विकेट चटकाया।

फिर मुंबई इंडियंस ने लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात जायंट्स को 19.2 ओवर में 166 रन पर रोक मुकाबला अपने नाम कर लिया। गुजरात जायंट्स के लिए लिचफील्ड ने 31 और डेनियल गिब्सन ने 34 रन बनाए। इससे पहले पहली बार डब्ल्यूपीएल इतिहास में एलिमिनेटर मुकाबला खेल रही गुजरात के लिए मुंबई की हीली और ब्रंट सिरदर्द साबित हुईं। दोनों के बीच 133 रन की साझेदारी हुई। मुंबई को पहला झटका पांचवें ओवर में 26 रन के स्कोर पर लगा था। इसके बाद मैथ्यूज को इंग्लैंड की ऑलराउंडर ब्रंट का साथ मिला और दोनों ने स्कोर 150 के पार पहुंचा दिया। हेली ने 50 गेंदों में 77, ब्रंट ने 41 गेंदों में 77 रन की पारियां खेलीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App