पहलगाम आतंकी घटना के खिलाफ कांग्रेस का कैंडल मार्च, CM सुक्खू-रजनी पाटिल समेत सभी नेता हुए शामिल

मुख्यमंत्री सुक्खू-रजनी पाटिल समेत सभी नेता हुए शामिल, महात्मा गांधी की प्रतिमा तक जाकर दी शहीदों को श्रद्धांजलि
चीफ रिपोर्टर — शिमला
पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए लोगों को श्रद्धाजंलि देने के लिए हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस पार्टी ने कैंडल मार्च निकाला। कांग्रेस नेता हाथों में मोमबत्तियां लेकर महात्मा गांधी की प्रतिमा तक गए और वहां पहुंचकर उन्होंने शहीदों को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ जहां उनके कैबिनेट के मंत्री थे, तो वहीं रजनी पाटिल और प्रतिभा सिंह के साथ पार्टी के वरिष्ठ के नेताओं ने यहां पहुंचकर शहीदों की शहादत को सलाम किया। लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। इससे पहले सुबह राज्य सचिवालय में सरकार ने मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को शिमला में संविधान बचाओ रैली रखी थी, लेकिन इस रैली को स्थगित कर दिया गया है।
बता दें कि पहलगाम मामले में कांग्रेस ने कैंडल मार्च रखा गया था। शाम करीब सवा साते बजे कांग्रेस के नेता शेर-ए-पंजाब के पास एकत्र हुए। मुख्यमंत्री सुक्खू के साथ कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल, प्रतिभा सिंह, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री, कैबिनेट के अन्य मंत्री, प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर सहित अन्य कांग्रेस नेता यहां पहुंचे। शेर-ए-पंजाब पर एकत्र होने के बाद सभी नेता हाथों में मोमबत्तियां लेकर मालरोड से होते हुए रिज मैदान पर पहुंचे, जहां पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के आगे उन्होंने मोमबत्तियां रखीं।
रजनी पाटिल बोलीं, कांग्रेस केंद्र के हर फैसले में साथ
कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने पिछले कल दिल्ली में सीडब्ल्यूसी की मीटिंग में तय किया था कि पूरे देश में आतंकवाद विरोधी प्रदर्शन किया जाएगा। इस बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस के आला नेताओं ने साफ कहा है कि देश की एकता और अखंडता के लिए पूरी कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। देश के लिए पीएम जो भी कदम उठाएंगे और उनकी तरफ से जो भी कार्रवाई होगी, कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार का पूरा साथ देगी। उन्होंने कहा कि यह देश की रक्षा और देश प्रेम की बात है, जिसमें कोई राजनीतिक बात नहीं होगी, हम पूरी तरह से सरकार के साथ खड़े हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ नारे
कैंडल मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पाकिस्तान मुर्दाबाद, भारत माता की जय, हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए यह वर्कर आगे बढ़े। कांगे्रस सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस व एनएसयूआई के छात्र इस कैंडल में मार्च में शामिल हुए। महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने कांग्रेस नेता व वर्करों ने दो मिनट का मौन रखा और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए कामना की।
सीएम बोले, देश के दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देंगे
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस की बैठक में तय किया गया कि जो भी बाहरी ताकतें देश पर आक्रमण करेंगी, उसे मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा। कश्मीर के पहलगाम में जिस तरह से आतंकवादियों ने लोगों को चुन चुनकर मारा, वह देश की अखंडता पर निशाना था। इसे किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जा सकता। सीएम ने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ देश की रक्षा और अखंडता को कायम रखने के लिए केंद्र सरकार के साथ खड़ी है। सीएम सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा देश की अखंडता को अक्षुण रखने की है और कांग्रेस ने अपने दो-दो प्रधानमंत्रियों का बलिदान दिया है। स्व. इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या भी आतंकवाद ने ही की थी। उनकी हत्या करके आतंकवादियों ने देश की एकता पर प्रहार किया था। सीएम ने कहा कि हिमाचल सरकार और पूरी कांग्रेस पार्टी इस मामले में केंद्र सरकार के साथ खड़ी है।
श्रद्धांजलि देने बाहर आया पूरा सचिवालय
सीएम समेत सभी अधिकारी मौजूद, दो मिनट का मौन रखा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए शुक्रवार को पूरा सचिवालय प्रांगण में जुटा। यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत सभी अधिकारी व कर्मचारी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए आए। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के लोगों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। हिमाचल प्रदेश सचिवालय परिसर में उनकी याद में दो मिनट का मौन रखा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम राज्य सचिवालय और सभी उपायुक्त कार्यालयों में कायरतापूर्ण आतंकी हमले में मारे गए सभी लोगों के सम्मान में मौन रख रहे हैं।
शोक संतप्त परिवारों के साथ संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है। इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक अनुराधा राणा, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App