Mukesh Agnihotri : पंजाब से लेकर रहेंगे शानन, एक इंच पीछे नहीं हटेगी हिमाचल सरकार

हिमाचल दिवस पर मंडी में बोले उपमुख्यमंत्री
पंजाब बड़ा भाई, तो हिमाचल को वापस करे प्रोजेक्ट
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — मंडी
पंजाब के कब्जे में चल रहे शानन प्रोजेक्ट को वापिस लेने के लिए लड़ाई रही प्रदेश सरकार ने एक बार फिर अपना रुख स्पष्ट किया है। हिमाचल दिवस के अवसर पर मंडी पहुंचे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि शानन प्रोजेक्ट पंजाब का नहीं है और हिमाचल सरकार से इसे वापस लेकर रहेगी। शानन को पंजाब से वापस लेने की लड़ाई निर्णायक मोड़ पर है। इस मसले में हम एक इंच भी पीछे हटने वाले नहीं है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने यहां जिला स्तरीय समारोह की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गाधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भी पुष्पांजलि दी। इसके बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शानन प्रोजेक्ट को वापस लेने का मसला कांग्रेस की वर्तमान सरकार ने पहली फा इसे सर्वोच्च न्यायालय में पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल की जमीन पर बना प्रोजेक्ट है। यह पंजाब पुनर्गठन कानून के तहत संपत्तियों के बंटवारे का मामला नहीं है, क्योंकि मंडी कभी पंजाब का हिस्सा नहीं रहा।
मंडी के राजा और अंग्रेजों के समय 99 साल का करार मार्च, 2024 में समाप्त हो चुका है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार भी इस मामले को लेकर सर्वोच्च न्यायालय में चली गई थी, जिसे सर्वोच्च न्यायालय ने खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में यह साबित कर दिया है कि इस प्रोजेक्ट पर पूरी तरह से हिमाचल का हक है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि अगर पंजाब अपने आप को हिमाचल का बड़ा भाई मानता है, तो उसे इस प्रोजेक्ट को हिमाचल को वापस करना चाहिए।
350 इलेक्ट्रिक बसें परिवहन बेड़े में होंगी शामिल
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश को हरित राज्य बनाने के लिए काम हो रहा है। इस साल प्रदेश में पथ परिवहन निगम के बेड़े में 600 नई बसें शामिल की जा रही हैं। इसमें 350 के आसपास इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा रही हैं, जिसकी खरीद की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है। निगम ने करीब 350 कंडक्टरों की पक्की भर्ती की है।
रजनी पाटिल ने दी हिमाचल दिवस की बधाई
शिमला — हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रभारी रजनी पाटिल ने हिमाचल दिवस के अवसर पर प्रदेश वासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार, प्रदेश के विकास में तेजी ला रही है। उन्होंने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने दुर्गम क्षेत्र पांगी में राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस का आयोजन किया। रजनी पाटिल ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी क्षेत्रों का एक समान विकास करवा रही है।
भुंतर में रुके सीएम, अधिकारियों के साथ की मीटिंग
भुंतर — पांगी से लौटते वक्त मंगलवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू तीन के करीब भुंतर एयरपोर्ट पर रुके। इस दौरान सीएम सुक्खू ने जिलाधीश कुल्लू तोरुल एस रवीश, एसपी गोकुलचंद्रन और राज्य कर एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बताया जा रहा है कि शराब ठेकों को नीलामी की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है और सरकार अब सरकारी एजेंसियों को ये ठेके देने जा रही है। संभवतया इसी मुद्दे पर यहां चर्चा हुई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App