पांगी का अंधेरा होगा खत्म, 45.50 करोड़ से आएगी बिजली

By: Apr 16th, 2025 12:10 am

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किलाड़ में राज्यस्तरीय हिमाचल दिवस समारोह मे दिया तोहफा, मार्च पास्ट की ली सलामी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-किलाड़
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को पांगी घाटी मुख्यालय किलाड़ में आयोजित राज्यस्तरीय हिमाचल दिवस की अध्यक्षता करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का पांगी घाटी से विशेष लगाव रहा। 1984 में यहां आने वाली वह देश की पहली प्रधानमंत्री थीं, जिसके बाद क्षेत्र के विकास को गति मिली। यह कांग्रेस सरकारों की जनजातीय क्षेत्र के विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नीतियों और कानून में विशेष परिवर्तन किए हैं, जिससे राज्य की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। सरकार ने अपने 10 चुनावी वायदों में से छह वायदों को पूरा कर लिया है तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अनेक कदम उठाए हैं। प्रदेश सरकार किसानों को दूध, गेहूं, मक्की और हल्दी जैसी फसलों की प्राकृतिक खेती पर न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान कर रही है और 1.58 लाख किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रमाणित किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पांगी घाटी में विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ करने के लिए 62 करोड़ रुपए की परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। तांदी और शौर तक 11 केवी लाइन पर पांच करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने थिरोट से किलाड़ तक 33 केवी लाइन बिछाने के लिए 45.50 करोड़ रुपए की घोषणा की। उन्होंने साच को उप-तहसील का दर्जा देने और महिला मंडल भवनों के निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में यातायात सुविधा सुदृढ़ करने के लिए 20 नए बस परमिट जारी करने और बसों की खरीद पर 40 प्रतिशत उपदान देने के अलावा चार माह के रोड टैक्स में छूट प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने पांगी में एक राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल और किलाड़ के नागरिक अस्पताल को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित करने की भी घोषणा की। ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने होम-स्टे पंजीकरण शुल्क पर 50 प्रतिशत छूट देने तथा घाटी में सम्पर्क मार्गों के सुधार कार्यों के लिए 1.5 करोड़ रुपए प्रदान करने की भी घोषणा की। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सोमवार को पांगी घाटी पहुंचने के बाद देर रात तक जनता दरबार लगाकर लोगों की मांगें व समस्याएं सुनी। इनमें अधिकतर मांगों व समस्याओं के हल हेतु मौके पर ही अधिकारियों को आगामी दिशा-निर्देश जारी कर दिए।

कार्यक्रम में ये-ये रहे मौजूद
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर व नीरज नैयर, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, एपीएमसी चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर, कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना, सुरजीत भरमौरी सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार चंद शर्मा, सचिव सामान्य प्रशासन राजेश शर्मा, डीजीपी डा. अतुल वर्मा, उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल व पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सीएम ने बालिका आश्रम किलाड़ का किया दौरा
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बालिका आश्रम किलाड़ का भी दौरा किया। उन्होंने आश्रम के क्लासरूम और उनके रहने के कमरों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आश्रम की सभी लड़कियों को पांच-पांच हजार रुपए प्रदान करने के साथ-साथ शीघ्र ही उनको एक्सपोजर विजिट पर भेजने की घोषणा की। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने सोमवार देर शाम एकलव्य स्कूल किलाड़ का भी दौरा कर बच्चों के साथ बातचीत की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App